विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UPSRTC: अब गलती से भी झपकी नहीं ले पाएंगे बस चालक, तुरंत मच जाएगा शोर; यात्रियों तक तो सुनाई देगी आवाज

Published: Mon, 21 Oct 2024 05:15 PM (IST)

यूपीएसआरटीसी की बसों में अब चालक को झपकी आने पर तुरंत आवाज सुनाई देगी। रोडवेज ने बसों में एंटी कोलेजन ...और पढ़ें

अमेठी शहर स्थित रोडवेज बस स्टाप : जागरण
अमेठी शहर स्थित रोडवेज बस स्टाप : जागरण

HighLights

  1. लंबे रूट पर संचालित होने वाली बसों में लगाई जाएगी डिवाइस
  2. सड़क हादसों में आएगी कमी, शोर मचाएगी एंटी स्लीप डिवाइस

संवाद सूत्र, अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सवारियों की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में चालक को झपकी लग जाने से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए रोडवेज ने बसों में एंटी कोलेजन डिवाइस लगाने की तैयारी की है।

रात के सफर में अगर चालक को झपकी आई, तो बस में लगने वाली यह डिवाइस अलार्म बजाकर चालक की नींद भगाएगी। यह डिवाइस चालक-परिचालक को अलर्ट करने के साथ ही यात्रियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी। रात में होने वाली बस दुर्घटनाओं में अधिकतर यही पाया गया है कि हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ।

अमेठी डिपो में वर्तमान समय में करीब 50 बसें हैं। इन बसों को विभिन्न मार्गों पर संचालित कराया जाता है। ज्यादातर बसें लंबे रूट की होने पर रात तक सफर पूरा करके कहीं न कहीं खड़ी होती हैं। 20 बस ऐसी हैं, जिनका संचालन लंबे रूटों पर किया जा रहा है। दिल्ली व लखनऊ सहित अन्य शहरों के लिए रात में बस संचालित होती हैं। रात में संचालित होने वाली बसों में चालकों को झपकी आने की समस्या रहती है। ऐसी दशा में हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है।

सेंसर युक्त डिवाइस एक्सीलेटर से जोड़ी जाएगी

रोडवेज बसों में लगने वाली इस सेंसर युक्त डिवाइस को बस के एक्सीलेटर से जोड़ा जाएगा। झपकी आने की दशा में यदि चालक एक्सीलेटर नहीं दबाएगा या फिर ज्यादा दबा देगा, तो ये डिवाइस अलार्म बजा देगी। अलार्म न केवल चालक बल्कि बस में मौजूद सभी यात्रियों को सुनाई देगा। इससे चालक की आंख खुल जाएगी और बस को दुर्घटनाग्रस्त होने से रोका जा सकेगा।

चालक की सीट के सामने भी लगेंगे कैमरे

बस में चालक की सीट के आगे सीसी कैमरा भी लगाए जाने की तैयारी है। बताया जाता है कि इन कैमरों में भी सेंसर लगा होगा, जो थोड़ी-थोड़ी देर में चालक की आंखों के आधार पर रोशनी रिफ्लेक्ट करेंगे।

पहले बीप फिर अलार्म करेगा सतर्क

कुछ देर तक चलती बस में स्टेयरिंग का काम न देख यह डिवाइस एक्टिव हो जाएगी। डिवाइस से बीप की बार-बार आवाज आएगी। इसके बाद भी स्टेयरिंग का मूवमेंट न मिलने पर अलार्म बज उठेगा, जिससे चालक और परिचालक अलर्ट हो जाएंगे। यदि बस की स्पीड भी ज्यादा होगी तो यह अलार्म बजेगा।

जल्द लगाई जाएगी डिवाइस

लंबी दूरी की सभी बसों में एंटी स्लीप डिवाइस इसी माह लगेगी। चालकों को बस चलाते समय झपकी व नींद आने से यह सतर्क करेगा। निर्देश मिलने पर शेष अन्य बसों में भी डिवाइस लगवाई जाएगी। - काशी प्रसाद, एआरएम