यूपी में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को मिलेंगे 50 लाख रुपये, 30 सितंबर तक करें आवेदन
उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
विकास कार्यों में उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को मिलेगा विशेष पुरस्कार।
चयनित पंचायतों को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है, मंडल स्तरीय जांच होगी।
विनय तिवारी, जगदीशपुर (अमेठी)। विकास के विभिन्न पैमानों पर बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत चयनित ग्राम पंचायतों को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार योजना के तहत ग्राम पंचायतों से घर-घर कचरा एकत्र करने वाली ग्राम पंचायत, तरल अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली पंचायत, स्वयं की आय सृजित करने वाली पंचायत, मेरा तालाब मेरी योजना, कामन सेंटर के जरिए सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने वाली पंचायत सहित अलग-अलग श्रेणियों में आवेदन लिए जाएंगे।
प्रत्येक श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक-एक ग्राम पंचायत का चयन किया जाएगा। चयनित पंचायतों को पुरस्कार के साथ ही उनके उत्कृष्ट कार्यों को अन्य ग्राम पंचायतों के लिए उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
योजना के तहत ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्य, मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, पंचायत स्तर पर उपलब्ध सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे बिंदुओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पंचायतों की ओर से किए गए नवाचार और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग भी मूल्यांकन का हिस्सा हो सकता है।
पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों के कार्यों का परीक्षण किया जाएगा। इसके आधार पर प्रत्येक श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायत का चयन किया जाएगा। पुरस्कार की राशि मिलने से ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों को और गति देने में मदद मिलेगी।
एक पंचायत केवल एक श्रेणी में आवेदन कर सकेंगी। इसके लिए 20 अंकों की प्रश्नावली भरनी होगी। कम से कम 60 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाली पंचायतों को आगे 80 अंकों की विशेष प्रश्नावली भरने की अनुमति मिलेगी। मंडल स्तरीय टीम आवेदनों की जांच सत्यापन का कार्य करेगी।चयन का अंतिम निर्णय राज्य स्तर पर लिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक ग्राम पंचायत 30 सितंबर तक आवेदन कर सकती है। -मनोज त्यागी, डीपीआरओ।
