हड़ताल से करोड़ों का लेनदेन प्रभावित
हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। विकास खंड अंतर्गत एलआइसी की ब्रांच है।
अमेठी : ऑल इंडिया भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को हड़ताल पर रहे, जिसके कारण लगभग एक करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन प्रभावित हुआ। वहीं, हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा।
विकास खंड अंतर्गत एलआइसी की ब्रांच है, जिसके गेट पर संगठन अध्यक्ष पवन कुमार सिंह की अगुवाई में ताला लगा दिया गया। गेट पर ही संगठन के लोगों ने धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार की मनमानी अब नहीं चलेगी। मांग की कि एलआइसी आइपीओ वापस लिया जाए। सरकारी उपक्रमों के विनिवेश को रोका जाए।
मजदूर और किसान विरोधी कानूनों को वापस लिया जाए। बहुप्रतीक्षित एलआइसी वेतन पुनर्निर्धारण को शीघ्र लागू किया जाए। न्यूनतम 21 हजार रुपये बेसिक वेतन किया जाए। सन 1994 के पहले की पुरानी पेंशन बहाली हो। ठेकेदारी प्रथा की समाप्ति और नई भर्ती शुरू करने की अनुमति दी जाए।
संगठन के महामंत्री शशि कपूर, बृजेश सिंह, निहारिका सिंह, सुजीत गुप्ता, आशा देवी और शिवदयाल आदि मौजूद रहे। वहीं, संपर्क कार्यालय अमेठी फेडरेशन कि ओर से जय प्रकाश मिश्रा, मनोज शुक्ला, चंद्रिका प्रसाद मिश्रा और निखिल सिंह परमार ने भाग लिया।
जिला बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी भंग :
जिला बार एसोसिएशन अमेठी की कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन जगदेव प्रसाद शुक्ल ने बताया कि जिला बार एसोसिएशन की बुधवार को हुई बैठक में सर्व सम्मति से पारित प्रस्ताव के द्वारा वर्तमान कार्यकारिणी जिसका कार्यकाल एक साल पहले ही पूरा हो चुका है। उसको भंग कर एल्डर्स कमेटी को बार एसोसिएशन का आम चुनाव कराने के लिए अधिकृत किया गया है।
उधर, एल्डर्स कमेटी ने बृहस्पतिवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि 27 नवंबर से तीन दिसंबर तक सदस्यता अभियान के बाद चार दिसंबर को सदस्यता सूची का प्रकाशन होगा। पांच दिसंबर को सूची पर आपत्तियां लेकर सात को आपत्तियों के निस्तारण के बाद अपराह्न तीन बजे अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। आठ व नौ दिसंबर को नामांकन दाखिल किया जा सकता है। दस को दाखिल नामांकनों की जांच तीन बजे तक पूरी की जाएगी। दस को ही पांच बजे तक नाम वापसी की जा सकती है। आवश्यकता के अनुसार 14 दिसंबर को तीन बजे तक मतदान उसके बाद मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।