धान की खरीद धीमी होने पर लगाई फटकार
एसडीएम ने क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। चेतावनी दी कि किसानों को परेशानी हुई तो कार्रवाई की जाएगी।
अमेठी : धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर एसडीएम ने किसानों से खरीद कार्य की जानकारी ली। एसडीएम योगेन्द्र सिंह ने संग्रामपुर के राजापुर अमेरुआ और गोरखापुर क्रय केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में दोनों केंद्रों पर धान की तौल मौके पर होती मिली। एसडीएम ने खरीद कार्य धीमा होने पर नाराजगी जताई और कहा कि केंद्र पर किसान को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसान का ऑनलाइन पंजीकरण होने के बाद एक निश्चित समय और दिन खरीद के लिए निर्धारित कर दें। चेतावनी दी कि किसानों को परेशानी हुई तो कार्रवाई की जाएगी। केंद्र प्रभारी को बिचैलियों से सावधान रहने की हिदायत देते हुए कहा कि अगर आपको कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे तो उसकी जांच अवश्य करा लें। ग्रामीणों से भी क्रास चेकिग कर लें। अगर कहीं बिचौलियों की भूमिका सामने आती है तो एफआइआर दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवाया जाएगा।
धान खरीद नहीं होने से एमएलसी नाराज : भादर ब्लॉक में किसानों के धान की शुरुआत अब जाकर शुरू की गई है। इस पर कांग्रेस एमएलसी ने नाराजगी व्यक्त की है।
शुक्रवार को कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने किसानों की समस्याओं की जानकारी लेने के लिए भादर ब्लॉक के धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। 15 अक्टूबर से शुरू हुई खरीद के बाद भी नौ नवंबर से शुरू हुई खरीद के बाद अभी तक महज नौ किसानों से धान खरीद की गई है। वहीं, खरीद रजिस्टर दुरुस्त नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। इसी क्रम में एमएलसी ने अमेठी क्रय केंद्र का हाल देखा। उन्होंने भादर क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देश दिया है। दीपक ने कहा कि अमेठी के किसानों को किसी प्रकार की समस्या होने पर मामले को मुख्यमंत्री से लेकर सदन में उठाएंगे।