110 ईदगाह व 389 मस्जिदों में होगी ईद की नमाज
अमेठी : ईद के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमें ने कप्तान केके गहलौत
अमेठी : ईद के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमें ने कप्तान केके गहलौत के निर्देशन में पूरा होमवर्क कर लिया है। जिले के सभी 110 ईदगाह व 389 मस्जिदों में एक साथ ईद की नमाज कराने के लिए पुलिस महकमें ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। जिले के पांच सौ ऐसे लोगों को रेड कार्ड भी जारी किया गया है। जिनसे त्योहार में खलल पड़ने की किसी भी तरह की उम्मीद थी। रेड कार्ड जारी करने के साथ पुलिस सभी को सचेत करते हुए चेतावनी भी जारी की है कि अगर कहीं भी कुछ गड़बड होता है तो खैर नहीं। साथ ही पुलिस महकमें ने जिले में 58 जगहों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवा रहा है। जिससे भीड़-भाड़ वाले इलाके पर नजर रखी जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने बताया कि ईद व रमजान के आखिरी जुमा की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। पिछले दस साल के सभी छोटे-बड़े विवाद जो त्योहार से किसी भी रूप में जुड़े थे। सभी देख लिया गया है। एएसपी ने बताया कि जिला प्रशासन के साथ मिल जहां भी समस्या थी। उसे दूर कर दिया गया है। प्रत्येक ईदगाह व मस्जिद जहां भी नमाज होनी है। वहां नमाज के समय किसी भी तरह की समस्या न पैदा हो। इसके लिए कमेटी के लोगों के साथ मिलकर सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। सुरक्षा समिति में चौकीदार, विशेष पुलिस अधिकारी व पुलिस कर्मी को रखा गया है। जो ईद तक ईदगाह व मस्जिद के बाहर ही कैंप करेंगे।
-तिलोई सर्किल में हुई तैयारी की समीक्षा
तिलोई सर्किल में जायस सहित सभी प्रमुख स्थानों पर ईद को लेकर की गई तैयारियों की बुधवार को अपर जिलाधिकारी ईश्वर चंद्र व अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय फोर्स व राजस्व के अधिकारियों के साथ कई ईदगाहों को भी देखा और साफ-सफाई कराने का निर्देश भी दिया। समीक्षा में पुलिस उपाधीक्षक पीयूष कांत राय भी मौजूद रहे।