सरकार का समर्थन, कृषि बिल को बताया किसान हितैषी
पंचायत चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) अपना प्रत्याशी उतारेगी।
अमेठी : जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के उतेलवा सेक्टर रोड नंबर चार स्थित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर बुधवार को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार के तीनों कृषि बिल को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि विरोधी दल किसानों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा पार्टी पंचायत चुनाव में इस बार अपना प्रत्याशी उतारेगी।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर उन्हें अंगवस्त्र भेटकर सम्मानित किया। बतौर मुख्य अतिथि श्री गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पूरे प्रदेश में पार्टी अपना प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने केंद्र सरकार को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही है। समाज के वंचित तबके को उनका अधिकार दिलाने के लिए पार्टी की स्थापना हुई है। उन्होंने कार्यकर्ता से अपील की सभी लोग संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं।
इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने बताया कि पंचायत चुनाव में पार्टी इस बार अपना प्रत्याशी उतारेगी। कार्यक्रम को मुस्तकीम अहमद, जिला अध्यक्ष मुमताज, मकसूद खान, डीएम सोलंकी ने सम्बोधित किया। दर्जनों लोगों को प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर तौसीफ खान, ऊषा रावत, अलीम अहमद उर्फ पुत्तन, अकरा प्रधान जुनेद अहमद, अनीस अहमद, विमलेश मिश्रा उर्फ मैनेजर, अमन तिवारी, यार मोहम्मद उर्फ पप्पू, बारिक, मुकीम, अफजाल ठेकेदार, ऋषि मिश्रा, ननकऊ ओझा सहित अन्य मौजूद रहे।