जायस रेलवे स्टेशन पहुंच राहुल ने देखी हकीकत
अमेठी : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाधी बुधवार को पूरे रौ में थे। पहले सबकी सुनी उसके बाद जमी
अमेठी : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाधी बुधवार को पूरे रौ में थे। पहले सबकी सुनी उसके बाद जमीनी हकीकत देखने गांव की ओर भी बढ़े। इतना ही नहीं उन्होंने जायस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया और सुविधाओं को भी करीब से देखा। स्टेशन पर मौजूद लोगों से बात की और आने वाली समस्याओं बाबत जानकारी भी हासिल की।
जायस के विकास के लिए संघर्षरत नवचेतना समिति वर्षो से रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की बढ़ोत्तरी की मांग करती चली आ रही है। समिति के अध्यक्ष मनोज महेश्वरी ने दिल्ली में राहुल गांधी से मिल उन्हें रेलवे स्टेशन व जायस की समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा था। वहीं कांग्रेस के लोग भी जायस में रेलवे स्टेशन की सुविधाएं बढ़ाए जाने की मांग की थी। राहुल गांधी भी जायस के विकास को लेकर इस बीच खासे फिक्रमंद दिख रहे है। पिछले दौरे के बाद उन्होंने जायस के विकास के लिए अपनी निधि से तीस लाख से अधिक की धनराशि दी है। रेलवे स्टेशन पर अचानक राहुल गांधी के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। राहुल ने पहले स्टेशन की सुविधाओं को देखा और उसके बाद यात्रियों से बात कर उनका दर्द भी जाना। रेलवे स्टेशन से निकल वह जायस के रास्ते नसीराबाद की ओर बढ गए।