गेहूं बोआई का जायजा लेने के साथ ब्लाक मुख्यालय में हाजिरी की जांच
सीडीओ ने ब्लाक का निरीक्षण किया। अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों को ही आवास आवंटित करने का निर्देश दिया।
अमेठी : विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए सीडीओ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं। इसके पहले उन्होंने सुपर सीडर के माध्यम से की गई गेहूं की बोआई का खेत पर पहुंचकर जायजा लिया।
सीडीओ डा. अंकुर लाठर ने सुपर सीडर से हुई गेहूं बोआई देखी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में हरित क्रांति के विस्तार की योजना के तहत आच्छादित ब्लॉक के किसानों से नई तकनीक से की गई गेहूं बोआई के बारे में जानकारी ली। किसानों को समय-समय पर फसल को पानी एवं उर्वरक देते रहने को भी कहा, जिससे उत्पादन अधिक हो सके। क्षेत्र के प्रगतिशील किसान अभिप्राय सिंह, अवधेश सिंह, चक्रधारी प्रताप सिंह, रज्जन सिंह व आशुतोष सिंह के खेतों का मुआयना किया। पलिया में सोलर पंप से की जा रही खेतों की सिचाई के विषय में भी किसान आशुतोष सिंह से जानकारी ली।
विकास क्षेत्र में हो रहे कार्यों की हकीकत जानने के उद्देश्य से सीडीओ सीधे ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं। सबसे पहले वे कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। पात्र व्यक्ति को ही आवास मिले, इसके लिये उन्होंने सचिव से कहा कि पात्रता की ठीक से जांच करने के उपरांत ही आवास की धनराशि खातों में भेजी जाए। निरीक्षण में किसी भी अपात्र को आवास दिया गया तो संबंधित जांच अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी।
इसके बाद वे मनरेगा से हो रहे कार्यों के विषय में जानकारी ली तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। सीडीपीओ ममता नायक से कार्यालय में हो रहे कार्यों के विषय मे जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक व जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय मौजूद रहे।