भूमि विवाद में सैनिक के पिता की हत्या, दो घायल
घटना की सूचना पर एसपी व पुलिस के दूसरे अधिकारी गांव पहुंचे। आरोप है कि पड़ोसी ने ही वारदात को अंजाम दिया है।
अमेठी : मंगलवार देर शाम संग्रामपुर के शुकुलपुर गांव में मकान की मरम्मत करा रहे पशु मित्र पर भूमि विवाद में पड़ोसी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में घायल पशु मित्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी व दूसरे अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
संग्रामपुर के शुकुलपुर निवासी राजेन्द्र मिश्रा उर्फ पूड़ी कई वर्षों से पशु मित्र का कार्यरत हैं। संग्रामपुर अस्पताल से वह सम्बद्ध थे। मंगलवार को वह अपने घर की मरम्मत करा रहे थे। शाम को जब घर के पड़ोसी आये तो दोनों पक्षो के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि विपक्षियों ने धारदार हथियार से घर मे घुसकर हमला कर दिया। घटना में राजेंद्र और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से परिजन आननफानन में इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। राजेन्द्र के तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा सूर्यप्रकाश सेना का जवान है। घटना में सेना के जवान की भाभी को गंभीर चोट आई हैं। वह गर्भवती भी है। सूचना पर एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीओ पीयूष कांत राय ने अस्पताल जाकर मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मकान के प्लास्टर का कार्य मृतक करवा रहा था। इसी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पड़ोसी अशोक शुक्ला और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप है। अभी तहरीर नहीं मिली है। प्रभारी निरीक्षक को आरोपितों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।