चिटफंड कंपनी में फंसा सैकड़ों गरीबों का पैसा
भुगतान के लिए कार्यालय में लगा रहे चक्कर मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से की शिकायत
अमेठी : शहर के दुर्गापुर मार्ग स्थिति चिटफंड कंपनी में भादर ब्लॉक के सैकड़ों लोगों ने अपना पैसा जमा किया है। काफी दिनों से भुगतान नहीं होने से उपभोक्ता परेशान है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी के साथ ही मुख्यमंत्री से की गई है। शहर के दुर्गापुर मार्ग पर एक चिटफंड कंपनी ने अपनी शाखा खोल रखी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कंपनी अपना नाम बदल बदलकर काम कर रही है। हर बार रसीद बांड भी अलग अलग दिया जाता है। कंपनी में लगभग पांच सौ उपभोक्ता हैं। जिन्होंने तकरीबन दो करोड़ रुपये जमा किए हैं। काफी दिनों से उपभोक्ता को कंपनी की ओर से भुगतान नहीं दिया जा रहा है। लगातार लोग दौड़ते दौड़ते अजीज आ गये है। अब मामले की शिकायत जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री से की गई है। भादर ब्लॉक के अमटाही गांव निवासी श्याम ओझा ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सैकड़ो लोगों के साथ अनियमितता करके करोड़ों रुपये वसूले गये हैं। लोगो को पैसा देने में आनाकानी की जा रही है। कंपनी अपना नाम बदल बदलकर कार्य कर रही है। वहीं कंपनी के राम कुमार यादव ने बताया कि 28 अप्रैल 2009 से काम हो रहा है। कंपनी की चार फर्म हैं। किसी के साथ कोई गलत कार्य नहीं किया जा रहा है। कंपनी रजिस्टर्ड है। लगभग पांच सौ उपभोक्ता हैं। दो करोड़ रुपये जमा है। रियल स्टेट में कंपनी का काम होता है। कोविड काल मे कार्य बंद था। इसलिए समस्या हुई। सबको पैसा मिलेगा लोग परेशान न हो छोटे उपभोक्ताओं का भुगतान किया जा रहा है। प्रतिदिन कंपनी का कार्य हो रहा है। - मिली है शिकायत, होगी जांच :
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि शिकायत मिली है। जांच करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।