एक साथ 131 जगहों पर लगी कांग्रेस की चौपाल
जागरण टीम, अमेठी : अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के एक के बाद एक हो रहे दौरों क
जागरण टीम, अमेठी : अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के एक के बाद एक हो रहे दौरों के बीच कांग्रेस की घेराबंदी भी तेज हो चली है। इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र के सभी 131 न्याय पंचायत मुख्यालयों पर पार्टी की जिला इकाई ने चौपाल लगाकर मोदी सरकार की नीतियों व रीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर हल्ला बोला।
जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र ने मोदी व योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसान, युवा, व्यापारी सभी परेशान हैं। जनता की निगाह में दोनों सरकारें पूरी तरह फेल हो चुकी हैं।
कांग्रेस ने एक साथ चौपाल के मध्यम से 15 हजार लोगों तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा की अमेठी में आम चुनाव में दाल गलने वाली नहीं है। सभी चौपालों में पर्चा वितरण कर मोदी सरकार पिछले साढ़े चार साल के कामकाज का हिसाब मांगा और आए हुए लोगों को भाजपा की झूठी बातों का जवाब लेने का संकल्प भी दिलाया गया। चौपाल में सांसद राहुल गांधी के प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे ने महंगाई, भ्रष्टाचार सहित राफेल डील घोटाले के बारे में विस्तार से बताया। पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, मो. नईम, सुरेश निर्मल, विनोद मिश्र, नरसिंह बहादुर सिंह, रजवाड़ी प्रसाद, आशोक दूबे, आशीष पांडेय सहित तमाम पार्टी नेता जगह-जगह मौजूद रहे। कांग्रेस का भारत बंद आज
संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष पांडेय ने भी दुकानदारों से दोपहर दो बजे तक दुकानें बंद रखने की अपील की है। वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने बताया कि दो बजे तक पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे। इसकी अपील पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने की है। कांग्रेस का बंद दो बजे तक ही रहेगा। सुरक्षा को लेकर व्यापक बंदोबस्त
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि एएसपी, सभी सीओ व थानेदारों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। शहर के साथ ही अन्य कस्बों में भी पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने व जबरन दुकानें बंद कराने का अधिकार नहीं होगा। जो ऐसा करेगा पुलिस उसके साथ सख्ती से पेश आएगी।