बाइक सवार बदमाशों ने पति-पत्नी को लूटा
घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
अमेठी : अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग के स्थित अलाईपुर गांव के निकट सोमवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर नगदी व जेवरात छीनकर फरार हो गये। हमले में गम्भीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिये सीएचसी में भरती कराया गया।
शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गांव पूरे सुबेदार मजरे सतगवां निवासी रणविजय सिंह अपनी पत्नी लक्ष्मी सिंह के साथ रक्षाबंधन के त्योहार पर अपनी ससुराल छीछा से बाइक से लौट रहा था, अलाईपुर व कोटवा के बीच तीन बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। तमंचे के बल पर करीब ढाई हजार रुपये छीन ली और जेवरात छीनने की कोशिश करने लगे तो महिला ने विरोध जताया। जिस पर बदमाशों ने महिला के हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात छीनकर फरार हो गये। इंस्पेक्टर विश्वनाथ यादव ने बताया कि मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरु कर दी गई है।