अमेठी: राहुल के संसदीय क्षेत्र में BJP का बिगुल फूंकने पहुंचे दिनेश शर्मा, कहा- चौकीदार चौकन्ना है
प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा विजय संकल्प रैली को संबोधित करने पहुंचे।
अमेठी, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में कहा कि अमेठी में आज परिवर्तन की लहर जाग पड़ी है। चौकीदार चौकन्ना है। गांव-गांव का चौकीदार चौकन्ना होकर मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से लाने में लगा है।
कांग्रेस के गरीबों के लिए न्यूनतम आय की गारंटी पर उन्होंने कहा कि राहुल जी की गारंटी उनके पार्टी वाले नहीं दे पाते। उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए क्या किया। पीएम मोदी ने तमाम योजनाएं चलाकर गरीबों का लाभ किया। महागठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि सत्ता का संघर्ष घर तक पहुंचेगा। सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। यह बातें, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने रामलीला मैदान में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही। सुबह 11 बजे के करीब फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरें।
देर रात तक चली तैयारियां
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियाें को देर रात तक अंतिम रूप दिया गया। यह रैली अमेठी में परिवर्तन की वाहक बनेगी। वहीं, भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी भी पहली बार अमेठी पहुंच रहे हैं। वह भी जनसभा में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने विकास के नाम कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी पर भी जमकर हमला किया।