देव स्थलों से लेकर घरों तक हुई सजावट
जागरण संवाददाता, अमेठी : छोटी दीपावली पर जिले में चहुओर उत्साह व उमंग भरी खुशियां फैल
जागरण संवाददाता, अमेठी : छोटी दीपावली पर जिले में चहुओर उत्साह व उमंग भरी खुशियां फैली दिखाई पड़ी तो शाम होते ही शहर भी पूरी तरह से जगमग हो उठा। देव स्थलों से लेकर घरों तक सजावट देखते बन रही थी। प्राइवेट संस्थाओं के साथ ही सरकारी दफ्तर भी पूरी तरह से रंग बिरंगी रोशनी में नहाये हुए दिखे। गांव में भी रौनक देखी गई। मंगलवार को भी बाजारे पूरी तरह से गुलजार रही। चिरई चूरा के साथ मिठाईयों की दुकानों पर खरीददारों की भारी भीड़ पूरे दिन बनी रही।
छोटी दीपावली पर शहर व गांव अलग ही छटा में दिखे। दीपावली के तैयारियों के बीच छोटी दीपावली की खुशियां चेहरों पर दिखी। इतना ही नहीं छोटे कस्बों से लेकर शहर के बाजार तक लोग घरों की सजावट व मिठाई की खरीददारी में कतार लगाये दिखे। गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर, जायस, मुसाफिरखाना, तिलोई सहित सभी नगरों में छोटी दीपावली का उत्साह दिखाई पड़ा।
-मिठाई की दुकानों पर रही भीड़
धनतेरस के दिन जहां सर्राफा, बर्तन फर्नीचर की दुकानों पर भीड़ दिखाई पड़ी थी। वहीं छोटी दीपावली पर लोगों की भीड़ चूरा चिरई व मिठाई दुकानों पर उमड़ी दिखाई पड़ी। शहर में स्थित एक प्रतिष्ठान के मालिक विक्रम सिंह की माने तो ड्राई फूड के साथ ही देशी घी मिठाईयों की अधिक मांग रही।
-मिट्टी के दीया की रही मांग
छोटी दीपावली पर शहर से लेकर गांव तक इस बार मिट्टी के दीया की मांग बढ़ी हुई दिखाई पड़ी। खासकर युवाओं व बच्चों में मिट्टी के दिया का अलग तरह क्रेज देखा गया। मिट्टी का दिया बेचने वाली दुकानों पर भीड़ इस बात की तस्दीक कर रही थी।
-सुरक्षा के रहे इंतजाम
छोटी दीपावली पर कस्बों व नगर में पुलिस महकमे ने भी सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किया था। पुलिस कप्तान अनुराग आर्य ने त्योहार को देखते हुए सभी पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का आदेश दिया ।