कांग्रेस संदेश यात्रा : एक विधानसभा, तीन दिन, बीस बैठकें
अमेठी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने किलेबंदी शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ग
अमेठी : लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने किलेबंदी शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व में निकाली गई संदेश यात्रा की तर्ज पर कांग्रेस नेता एक बार फिर यात्रा निकालने जा रहे। इसके माध्यम से वह केंद्र सरकार की नाकामी गिनाने के साथ यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान मिली उपलब्धियों को जनता के बीच गिनाई जाएंगी।
यात्रा के द्वारा संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में जनता के बीच पहुंचकर उन्हें ओर मोड़ने का प्रयास किया जाएगा। संदेश यात्रा के दौरान वह जनता की समस्याओं से भी रूबरू होंगे और सरकार बनने पर उसको दूर करने का आश्वासन भी दिलाएंगे। यात्रा में जिले से सांसद प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे के साथ जिलाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। वहीं यात्रा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के भी शामिल होने की संभावनाएं है। सभी नेता एक बस से सवार होकर एक विधानसभा में तीन दिन रहेंगे। यात्रा के दौरान बीस अलग-अलग गांवों में बैठकें होंगी, जिसमें स्थानीय नेताओं का सहयोग लिया जाएगा।
इन योजनाओं का होगा गुणगान
इंदिरा गांधी नेत्र चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना, आयुध निर्माण फैक्ट्री की स्थापना, राजीव गांधी पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी इंस्टीटयूट की स्थापना, मालविका स्टील की सेल टेकओवर, बीएचईएल की नई यूनिट, सीआरपीएफ केंद्र की स्थापना, सैनिक स्कूल, विमानन विश्व विद्यालय की स्थापना सहित राहुल गांधी के प्रयास से लगी 2747.74 करोड़ की विकास परक परियोजना व 1922.06 करोड़ की रेल परियोजनाओं को जनता के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं वर्तमान की भाजपा सरकार द्वारा संसदीय क्षेत्र से छीनी गई परियोजना मेगा फूड पार्क, हिन्दुस्तान पेपर मिल, डिस्कवरी पार्क, ट्रिपल आईटी सहित अन्य परियोजनाओं को भी पेश करेंगे।
यात्रा से जनता के सामने आएगी भाजपा सरकार की हकीकत
यात्रा के माध्यम से जनता के साथ जनसंपर्क किया जाएगा। उनकी समस्याओं को जानने के साथ केंद्र सरकार की नाकामी व अमेठी के साथ किए गए सौतेले व्यवहार को बताया जाएगा। यात्रा की पूरी रूपरेखा बना ली गई है, जल्द ही तिथि तय कर यात्रा निकाली जाएगी।
योगेंद्र मिश्र
जिलाध्यक्ष, कांगेस अमेठी