रंगों की दुकानों से गुलजार हुई बाजार
अमेठी रंगों का त्यौहार करीब है। बाजारों पर होली का खुमार चढ़ने लगा है। जगह-जगह रंग व
अमेठी : रंगों का त्यौहार करीब है। बाजारों पर होली का खुमार चढ़ने लगा है। जगह-जगह रंग व पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं। शहर से गाव तक हर जगह मिजाज रंगीन हो चला है। दुकानों पर एक से बढ़कर एक पिचकारिया बच्चों ही नहीं बड़ों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। कहीं चिराग से रंग निकलने वाली पिचकारी है तो कहीं ऐसे बम जिनके फूटने से बारूद नहीं बल्कि रंगों की फुहार बरसेगी। पटाखे दगेंगे तो पर शोर नहीं उनसे अबीर गुलाल निकलेगा। पिचकारियों के रुप और उनके हुनर अनेक हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है तो दुकानदारों की भी चल निकली है। गौरीगंज हो या अमेठी, जायस हो या जगदीशपुर। हर जगह रौनक एक सी ही दिख रही है। पूरे दिन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ माहौल को रंगीन बना रही है। गौरीगंज शहर में सजी दुकानों में चिराग, अप्पू, छोटा भीम, बैगन, मछली के साथ ही रंगीन पटाखा, अबीर-गुलाल, पिचकारी व बड़ी पाइप जैसी न जाने कितनी किस्में हैं। दूसरी तरफ घरों में भी पर्व को लेकर तैयारिया जोर शोर से चल रही हैं। वहीं कल्पतरु रेस्टोरेंट के मालिक विक्रम सिंह की माने तो इस बार लोगों की होली स्पेशल बनाने के लिए शुगर फ्री गुझिया भी तैयार है।