बाबा गैंग ने तो नहीं दिया लूट को अंजाम!
अमेठी : तीन लूटेरों ने पुलिस की रात की नींद व दिन का चैन छीन लिया है। बिलकुल नए अंदाज में
अमेठी : तीन लूटेरों ने पुलिस की रात की नींद व दिन का चैन छीन लिया है। बिलकुल नए अंदाज में अपराध को अंजाम देने के तरीकों को देखकर पुलिस भी पसोपेश में है। वहीं घटना के तार किसी और ओर ही इशारा कर रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के तरीके व बदमाशों के भागने का रास्ता घटना को सीधे प्रतापगढ़ से जोड़ रहा है। जहां तीन दर्जन से अधिक युवाओं का एक गिरोह पिछले कुछ महीनों से तांडव मचाए हुए है। यह बात अलग है कि बाबा गैंग नाम का यह गिरोह अभी कहीं भी सरकारी कागज में दर्ज नहीं है।
सोमवार की सुबह साढे़ दस बजे गौरीगंज शहर के करीब पेट्रोल पंप के सेल्समैनों से हुई लाखों की लूट की घटना के तरीकों ने यह बात तो उसी समय जगजाहिर कर दी थी कि लुटेरे पेशेवर नहीं थे। सेल्समैंनों से मारपीट, पटका-पटकी के बाद साथी को आवाज देना कि छोड़ नहीं रहा है। 'गोली मार रे गोली मार'। फिर ऐसे रास्तों से भागना जिसमें जोखिम बहुत था, लेकिन लूट को अंजाम देने वाले बदमाश रास्ते से बाखूबी वाकिफ थे। जिले के साथ ही आस-पास के जिलों की पुलिस से जुड़े सूत्र भी इस बात की तस्दीक करते हैं कि नए बदमाशों का यह गिरोह पुलिस को परेशान किए हुए हैं। लूट की जांच में जुटी पुलिस टीम भी यह मानती है कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पांच से सात किमी तक ही निकले। उसके बाद कहां गायब हो गए कुछ पता ही नहीं चला।
चोटिल हैं बदमाश, लगा सुराग
पुलिस को घटना से जुड़े कुछ क्लू मिलने लगे हैं। सूत्रों की मानें तो तीन बदमाश चोटिल हैं। कप्तान ने इस बात की तस्दीक के लिए सेल्समैन भगवत व ग्रामीणों से बात की तो बदमाशों को पत्थर मारने व भागते समय पूरे जयसिंह गांव तक दो स्थानों पर बाइक सहित गिरने जानकारी मिली।
फोन कर पूछा, पहचाने स्केच
अखबारों में स्केच छपने पर सुबह सात बजकर 39 मिनट पर सेल्समैन भगवत के पिता राम लाल सिंह के मोबाइल फोन पर 8924059285 से धमकी भरे लहजे में फोन आया कि क्या स्केच पहचाने। वह कुछ बता पाते इससे पहले फोन कट गया।
कप्तान ने संभाली कमान
समय बीतने के साथ पुलिस की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को एक और लूट की घटना के बाद कप्तान अनुराग आर्य ने खुद की सारी तहकीकात की कमान संभाल ली है। कप्तान के साथ एएसपी बीसी दुबे पेट्रोल पंप पर पहुंच पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह के साथ ही पंप पर कार्यरत अन्य कर्मचारियों से बात कर वारदात से जुड़े तारों को जोड़ने की कोशिश की।
जल्द होगा राजफाश
''पेट्रोल पंप के सेल्समैन से हुई लूट को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। बस हम खुलासे के करीब है। अभी बस इतना ही कि पुलिस पुराने अपराधियों के साथ कुछ नये लड़कों पर भी फोकस कर रही है।''
-अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक, अमेठी