भाजपा के बूथ अध्यक्ष पर हमला, तीन जख्मी
पूरे खुशियाल मजरे अलाईपुर निवासी गंगा प्रसाद भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। सोमवार सुबह वह अपना घरेलू कामकाज निपटा रहे थे।
अमेठी : भाजपा बूथ अध्यक्ष पर रंजिशन हमला हुआ तो बचाव में आई पत्नी व एक अन्य साथी को भी हमलावरों ने निशाना बनाया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने बूथ अध्यक्ष की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी है।
पूरे खुशियाल मजरे अलाईपुर निवासी गंगा प्रसाद भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। सोमवार सुबह वह अपना घरेलू कामकाज निपटा रहे थे। आरोप है कि तभी गांव निवासी राम बहादुर लाइसेंसी बंदूक लेकर आ गए और साथियों के साथ उन्हें घेर लिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने मिलकर धारदार हथियार से वार कर दिया। जिससे वह बेहोश होकर गिर गए। इस बीच बचाव में आई पत्नी गुलाब वती व सहयोगी नन्हू के सिर पर हमला कर दिया। जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें लहूलुहान हालत में सीएचसी तिलोई में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बूथ अध्यक्ष व नन्हू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पंकज अवस्थी समेत भाजपा के तमाम नेताओं ने थाने पहुंच कार्रवाई की मांग की। हरकत में आई पुलिस ने राम बहादुर व पुत्र अमरजीत व रंजीत समेत नाती राजवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर धरपकड शुरू कर दी गयी है। पढ़ें अन्य खबरें..
अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटी बाइक
अमेठी : अज्ञात बदमाशों ने सोमवार सुबह आठ बजे शारदा सहायक खंड 49 लल्लू का पुरवा गांव के पास एक बाइक सवार को ओवर टेक कर तमंचे के बल पर बाइक लूट ली और फरार हो गए।
खुटहना गांव निवासी तुलसीराम पुत्र रामदेव ने बताया कि वह अपने घर से बाइक लेकर जिया पांडेय का पुरवा गांव जा रहे थे। तभी शारदा सहायक खंड 49 लल्लू का पुरवा गांव के समीप जैसे ही वह पहुंचा। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवर टेक कर जबरन रोक लिया। और तमंचा लगाकर बाइक लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी और धमकी देते हुए मौके से तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। अज्ञात बदमाशों ने दिन दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। कोतवाल अंगद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।