तीन दिन में करें मास्क की व्यवस्था, नहीं वसूल होगा जुर्माना
डीपीआरओ कार्यालय में नहीं हो रहा आदेश का पालन
गौरीगंज : तीन दिन में सभी को मास्क की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए हैं। बिना मास्क के मिलने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा। वहीं डीपीआरओ कार्यालय में आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। जिससे संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।
बरसात में बीमारी पर नियंत्रण करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर साफ सफाई रखने के आदेश प्रमुख सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने जिलाधिकारी व मंडलायुक्त को दिए हैं। उन्होंने आदेश दिया हैकि ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही लोगों को जागरूक किया जाए। मास्क का उपयोग न करने वालों से जुर्माना लिया जाए। भीड़ भाड़ वाले स्थान पर लाउडस्पीकर की व्यवस्था कर उद्घोष कराया जाए। जिससे लोग सतर्क हो सकें। उन्होंने सर्विलांस टीम को घर-घर जांच करने व प्रतिदिन समीक्षा करने का आदेश दिया है। सरकारी कार्यालय में संक्रमण बचाव के लिए सावधानी बरती जाए। समूह ग व घ के कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार घर से काम करने की अनुमति देने का आदेश दिया है। इसके बाद भी जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। ज्यादातर कर्मचारी बिना मास्क के काम कर रहें हैं। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने कहा कि सभी को मास्क लगाने व शारीरिक दूरी का पालन करने का आदेश दिया गया है।