विरोध में उतरा संगठन, कहा तत्काल करें बहाल
अमेठी सामान्य लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में साथी आं
अमेठी : सामान्य लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में साथी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व संगठन की जिलाध्यक्ष आशा बौद्ध की सेवा समाप्त कर दी गई थी, जिस पर साथी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी समेत विभागीय उच्चाधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की सच्चाई से अवगत कराया था। इसके बाद भी सेवा बहाल न होने पर नाराज साथियों ने विरोध में आवाज बुलंद करते हुए तत्काल सेवा बहाल करने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शासकीय कर्मचारी सेवा नियमावली को आधार बनाया गया है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्वैछिक कर्मी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर कर्मचारी सेवा नियमावली लागू नहीं होती है। ऐसे में स्पष्ट है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा फर्जी तरीके से सेवा समाप्त की गई है। प्रदेश अध्यक्ष गीतांजलि मौर्य के आवाहन पर कई जिलों के पदाधिकारियों ने गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन में जिला महामंत्री आशा यादव, उपाध्यक्ष शबाना बानो, गीता मिश्रा, ऊषा मिश्रा, किरन देवी के साथ ही महराजगंज जिला संरक्षक राधेश्याम मौर्य, गाजीपुर सूरज सिंह, बहराइच हरिकेश सिंह, श्रावस्ती दिनेश शर्मा, रायबरेली राकेश शुक्ला, आजमगढ़ संजीवन गौतम, प्रयागराज विनोद सिंह समेत संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।