Amethi: पटाखा बनाते समय हुए जोरदार ब्लास्ट में झुुलसा युवक, लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय मौत
पटाखा बनाते समय तेज विस्फोट होने के कारण 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार सुबह हुई घटना के बाद आनन-फानन निजी संस्था की एंबुलेंस से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अमेठी, जागरण संवाददाता। पूरे मान सिंह वार्ड में शनिवार की सुबह पटाखा बनाते समय विस्फोट हो गया। उसमें एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। जिला अस्पताल से लखनऊ मेडिकल कालेज लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
शनिवार की सुबह सात बजकर 50 मिनट पर अचानक धमाके की गूंज लोगों को सुनाई दी। दरअसल अपने छत के ऊपर अनवर पटाखा बना रहा था। विस्फोट होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एसओ राहुल कुमार ने बताया कि विस्फोट में एक युवक घायल हुआ है। जिसकी मौत लखनऊ ले जाते समय हो गई। बसीर के नाम से पटाखा बनाने का लाइसेंस है। जो 31 मार्च 2023 तक प्रभावी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस बल लगाया गया है।
बस्ती के बाहर पटाखा बनाने का लाइसेंस
पटाखा बनाने का जो लाइसेंस उसे दिया गया था, वह बस्ती के बाहर माइनर के पास बनाने का है। इसके लिए न्यूनतम 500 मीटर की दूरी निर्धारित की गई है। लेकिन अनवर इसका पालन न कर अपने घर पर ही पटाखा बना रहा था।
पहले भी हो चुके हैं विस्फोट
30 जुलाई को जामो के दखिनवारा गांव में विस्फोट हो गया था। जिसमें इकबाल का दो मंजिला मकान ढह गया था। इस मामले में एक युवक घायल हुआ था। जांच में पाया गया था कि संबंधित युवक अवैध तरीके से पटाखे का कारोबार कर रहा था। इस मामले में एक पुलिस कर्मी को निलंबित भी गया।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व एसपी डा. इलामारन मौके पर पहुंचे। साथ में अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एसओ गौरीगंज को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।