विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में शादी के सात दिन बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत, ई-रिक्शा से बाइक टकराने पर हुआ हादसा

Published: Sun, 03 May 2026 02:52 PM (IST)

अमेठी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिसकी शादी सात दिन पहले ही ...और पढ़ें

शादी के सात दिन बाद सड़क हादसे में युवक की मौत।

शादी के सात दिन बाद सड़क हादसे में युवक की मौत।

HighLights

  1. 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत।

  2. शादी के ठीक सात दिन बाद हुआ हादसा।

  3. ई-रिक्शा से बाइक टकराने पर गंभीर चोटें।

संवाद सूत्र, मोहनगंज (अमेठी)। तिलोई-अहोरवा भवानी मार्ग पर रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की सात दिन पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवारजन बदहवास है।

पूरे पासिन मजरे बधौना निवासी संदीप पासी उर्फ लाला अपने ननिहाल कुटमरा गांव में नाना पृथ्वी पासी के घर आए हुए थे। शनिवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

जैसे ही वह पूरे इच्छाराम पंडित के पुरवा मजरे कुटमरा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ई-रिक्शा पर लदे पाइप से उनकी अपाचे बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। संदीप का विवाह 27 अप्रैल को शिवरतनगंज के पूरे ठाकुराइन मजरे पन्हौना निवासी चांदनी के साथ हुआ था।

नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था कि यह हादसा उसकी जिंदगी में अंधेरा छोड़ गया। मृतक अपने ननिहाल में रहकर लंबे समय से भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था।

उसका एक भाई रंजीत पासी दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करता है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।