विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में पोर्टल पर बैंक शाखाओं के नाम गायब, स्कॉलरशिप आवेदन के लिए भटक रहे छात्र

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:48 PM (IST)

छात्रवृत्ति आवेदन पोर्टल पर बैंक शाखाओं के नाम प्रदर्शित न होने से अमेठी के छात्र परेशान हैं। तकनीकी समस्या के कारण आवेदन प्रक्रिया रुकी हुई है।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।

HighLights

  1. छात्रवृत्ति पोर्टल पर बैंक शाखाओं के नाम गायब।

  2. अमेठी के छात्र आवेदन न कर पाने से चिंतित।

  3. तकनीकी समस्या के कारण आवेदन प्रक्रिया बाधित।

संवाद सूत्र, बाजारशुकुल (अमेठी)। छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी पोर्टल पर बैंक शाखाओं के नाम प्रदर्शित नहीं होने से छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पिछले करीब 15 दिनों से विद्यार्थी आवेदन के लिए जनसुविधा केंद्रों और संबंधित विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आने पर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से वंचित होने की चिंता सताने लगी है।

छात्रों के अनुसार छात्रवृत्ति वेबसाइट पर आवेदन करते समय बैंक शाखा का विकल्प ही प्रदर्शित नहीं हो रहा है। जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में खाते होने के बावजूद पोर्टल पर शाखाओं के नाम नहीं आने से आवेदन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसके चलते विद्यार्थियों को रोजाना जनसुविधा केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

तकनीकी खामी से बढ़ी परेशानी

छात्र सचिन, दिनेश, कपिल, देवेंद्र, राजेश, सुरेश, पप्पू, गुड्डू, रमन, बृजेश, राधा, ललिता, माधुरी, लता और कोमल ने बताया कि 15 अगस्त के बाद छात्रवृत्ति आवेदन की विभागीय प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण आवेदन नहीं हो पा रहे हैं।

छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते बैंक शाखाओं के नाम पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं किए गए तो आवेदन करने से वंचित हो जाएंगे। छात्रों ने जिम्मेदार अधिकारियों से पोर्टल की तकनीकी समस्या तत्काल दूर कराने की मांग की है।

तकनीकी खराबी के कारण बैंक शाखाओं के नाम पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या को जल्द दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। -सुनील कुमार-एडीओ समाज कल्याण।