विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के किसानों की बल्ले-बल्ले, गांव-गांव जाकर गेहूं खरीदेगी ये टीम

Published: Tue, 17 Mar 2026 10:16 PM (IST)

अमेठी में रबी विपणन सत्र के दौरान किसानों की सुविधा के लिए विपणन विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। अब ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मोबाइल टीमें गांव-गांव जाकर किसानों से गेहूं खरीदेंगी।

  2. किसानों को परिवहन खर्च और समय की बचत होगी।

  3. 300 क्विंटल गेहूं होने पर गांव में टीम भेजी जाएगी।

संवाद सूत्र, अमेठी। रबी विपणन सत्र में किसानों को सुविधा देने के लिए विपणन विभाग ने गेहूं खरीद की विशेष व्यवस्था की है। जिन गांव के किसानों को खरीद केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है, वहां विभाग की ओर से मोबाइल टीम भेजकर गांव में ही गेहूं की खरीद की जाएगी। इससे किसानों को परिवहन खर्च और समय की बचत होगी।

क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि अधिक से अधिक किसानों का गेहूं आसानी से खरीदा जा सके। इसके लिए ऐसे गांवों की पहचान की जा रही है। जहां के किसान किसी कारणवश खरीद केंद्र तक नहीं पहुंच पाते हैं। उन गांव में विभाग की मोबाइल टीम भेजकर मौके पर ही गेहूं की तौल एवं खरीद प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

पिछले वर्ष भी विभाग की ओर से यह व्यवस्था लागू की गई थी। उस दौरान सीता रामपुर और थौरा गांव में मोबाइल टीम ने किसानों से सीधे गेहूं की खरीद की गई थी। इस व्यवस्था से किसानों को काफी राहत मिली थी और बड़ी मात्रा में गेहूं की खरीद संभव हो सकी थी।

क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष भी वही व्यवस्था लागू रहेगी। जिन गांवों में कम से कम 300 क्विंटल गेहूं उपलब्ध होगा, वहां मोबाइल टीम भेजी जाएगी। टीम गांव में ही किसानों के गेहूं की तौल कर खरीद करेगी और वहीं से ट्रक के माध्यम से गेहूं लादकर सीधे गोदाम तक पहुंचाया जाएगा।

किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी खरीद केंद्र या विभागीय अधिकारियों को गांव में उपलब्ध गेहूं की जानकारी दें। ताकि आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टीम भेजकर खरीद की व्यवस्था की जा सके। इससे अधिक से अधिक किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने का लाभ मिलेगा।