अमेठी में मैराथन- 2026 में दौड़ेंगे युवा, विजेता को मिलेंगे 51 हजार; 4 अक्टूबर को होगा आयोजन
अमेठी में 4 अक्टूबर को पूर्व मंत्री डॉ. अमीता सिंह के जन्मदिन पर अमेठी मैराथन-2026 का आयोजन होगा। 21 किमी ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।
HighLights
डॉ. अमीता सिंह के जन्मदिन पर 4 अक्टूबर को मैराथन।
विजेता को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
अमेठी विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क पंजीकरण 30 सितंबर तक।
जागरण संवाददाता, अमेठी। पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी डा. अमीता सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर चार अक्टूबर को अमेठी मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा।
राजर्षि रणंजय सिंह जन कल्याण समिति की ओर से आयोजित 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह 6:30 बजे स्वामी शांतानंद पुजारी इंटर कालेज तुलापुर मिश्रौली से शुरू होगी। दौड़ श्री आसलदेव इंटर कालेज पीपरपुर में पहुंचकर समाप्त होगी।
मैराथन का उद्देश्य अमेठी के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता, जनकल्याण और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के लिए समान पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 31 हजार, तृतीय को 21 हजार और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पांचवें से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। मैराथन में केवल अमेठी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभागी ही शामिल हो सकेंगे। प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी में होगी, जिसमें किसी भी आयु वर्ग के महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं।
पंजीकरण पूरी तरह निश्शुल्क रखा गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानी सुषमा देवी महिला महाविद्यालय देवीपाटन, श्री रणवीर इंटर कालेज, राजर्षि रणंजय सिंह आसलदेव महाविद्यालय पीपरपुर, राजर्षि रणंजय सिंह इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी मुंशीगंज, श्री जंगबहादुर सिंह इंटर कालेज ककवा सहित कई विद्यालयों में पंजीकरण फार्म प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं।
