अपना-अपना करो सुधार, तभी मिटेगा भ्रष्टाचार
गायत्री परिवार से जुड़े भक्तों ने शहर में मंगलवार को कलश यात्रा निकाली। इसके बाद
अमेठी : गायत्री परिवार से जुड़े भक्तों ने शहर में मंगलवार को कलश यात्रा निकाली। इसके बाद पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। गायत्री शक्तिपीठ से पीत वस्त्र धारण करके महिलाओं ने अपने सिर पर अखंड सौभाग्य का प्रतीक कलश धारण कर शहर में भ्रमण किया।
कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौराहा, हनुमान गढ़ी, गांधी चौक, सगरा तिराहा होते हुए वापस गांधी चौक, कोतवाली मोड़, राजर्षि तिराहा, रामलीला मैदान होते हुए गायत्री मंदिर पर समाप्त हुई। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने अपने हाथों में युग निर्माण योजना के झंडे लहराते हुए समाज सुधार के नारों की तख्तियों के साथ जन जागरण के अभियान को गति दी। अपना-अपना करो सुधार, तभी मिटेगा भ्रष्टाचार, अनाचार का अंत हो, दहेज प्रथा बंद हो, नशा नाश की जड़ है भाई इनसे दूर रहो मेरे भाई, अमेठी को नशामुक्त बनाना है घर घर में खुशहाली लाना है, हम सुधरेंगे युग सुधरेगा, हम बदलेंगे युग बदलेंगे, गुटका बीड़ी सिगरेट तम्बाकू, स्वास्थ्य संपदा के हैं डाकू जैसे समाज सुधार के नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देते हुए वृक्ष धरा के आभूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं, एक वृक्ष दस पुत्र समान की तख्तियों के साथ पूरे नगर में अलख जगाने का कार्य किया। कलश यात्रा का शुभारंभ सरवनपुर की ग्राम प्रधान पूनम सिंह ने झंडी दिखाकर किया। गांधी चौक पर शीतला प्रसाद, पवन कुमार कसौधन की तरफ से कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए मिठाई और पेयजल की व्यवस्था कराई। गायत्री मंदिर पर कार्यक्रम के पश्चात सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र द्विवेदी ने किया।