यूपी में 1.21 करोड़ की लागत से गुमिया ड्रेन पर बनेगा पुल, 50 हजार से अधिक लोगों को होगा लाभ
अमेठी के सिंहपुर में जगतपुर और नारायण चक गांवों के बीच गुमिया नाला पर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गुमिया नाला पर पुल निर्माण की प्रक्रिया हुई शुरू।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के प्रयासों से मिली स्वीकृति।
1.21 करोड़ से अधिक लागत, 50 हजार लोगों को लाभ।
अर्जुन सिंह भदौरिया, तिलोई, (अमेठी)। सिंहपुर के जगतपुर और नारायण चक गांव के मध्य गुमिया नाला पर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने स्थलीय निरीक्षण कर धन आवंटन के लिए अंतिम प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा है।
ड्रेन पर पुल न होने से किसानों और आम ग्रामीणों सहित राहगीरों के लिए आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। प्रत्येक चुनाव में गुमिया नाला पुल की क्षेत्र वासियों द्वारा निर्माण की मांग होती रही है। जन प्रतिनिधि निर्माण कराने का वादा भी करते रहे हैं। लेकिन, स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह का प्रयास रंग लाया। जल्द ही पुल का निर्माण शुरू होगा।
चार वर्ष पूर्व जितिन प्रसाद के पीडब्ल्यूडी मंत्री रहते हुए स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के पत्राचार पर पीडब्ल्यूडी द्वारा प्राक्कलन तैयार कर भेजा गया था। लेकिन, पुल निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
बीते सप्ताह पुल निर्माण के लिए हरी झंडी मिलने पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के सहायक अभियंता विनोद कुमार गौतम ने स्थलीय निरीक्षण कर पुल का इस्टीमेट तैयार कर धन आवंटन के लिए शासन को भेजा है।
पुल निर्माण होने से जगतपुर और नारायण चक गांव के पांच सौ से अधिक किसानों के साथ ही करीब 50 हजार से अधिक आबादी को फायदा मिलेगा।
नारायण चक और जगतपुर गांव के बीच गुमिया नाला का पुल अति आवश्यक था। मैं बीते चार वर्ष से इस पुल की पैरवी में लगा था। पुल निर्माण पीडब्ल्यूडी कराएगा। शासन से पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। सब कुछ ठीक रहा तो वर्ष 2027 में पुल का निर्माण हो जाएगा। पुल निर्माण की प्राक्कलन धनराशि एक करोड़ इक्कीस लाख 50 हजार से अधिक है। -मयंकेश्वर शरण सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री।
टिकरी ग्राम पंचायत के नारायण चक और जगतपुर गांव के बीच में गुमिया नाला पर पुल न होने से दोनों तरफ बनी सड़के निष्प्रयोज्य थी। किसानों और आम नागरिकों को आवागमन में समस्या थी। स्वास्थ्य राज्यमंत्री के प्रयास से इस पुल के निर्माण की स्वीकृत पर पुल के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। धन आवंटन के लिए प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा गया है। -रमेशचंद्र अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।
