यूपी में EWS सर्टिफिकेट बनवाना हुआ आसान, अब घर बैठे करें आवेदन, चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन हो गई है, जिससे आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

HighLights
ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन।
आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत।
घर बैठे आवेदन और सत्यापन के बाद ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी।
जागरण संवाददाता, अमेठी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लोगों के लिए प्रमाणपत्र बनवाना अब आसान होगा। शासन के निर्देश पर ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। पात्र आवेदक अब निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इससे उन्हें आवेदन और सत्यापन के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था में आवेदक को ऑनलाइन आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख भी अपलोड करने होंगे। इसके बाद संबंधित स्तर से अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी कर दिया जाएगा। आवेदक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र का उपयोग सरकारी नौकरी, शिक्षण संस्थानों में प्रवेश सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं में किया जाता है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से प्रमाणपत्र बनवाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत होगी।
एसडीएम पीके मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश पर ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर दी गई है। पात्र लोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभिलेखों का सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र आवेदकों के प्रमाणपत्र ऑनलाइन निर्गत किए जा रहे हैं।
