विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाईवे पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, चलेगा बुलडोजर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Published: Tue, 01 Sep 2026 10:00 PM (IST)

अमेठी डीएम संजय चौहान ने जगदीशपुर-इन्हौना हाईवे पर अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. डीएम ने जगदीशपुर-इन्हौना हाईवे से अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश।

  2. स्कूल वाहनों की नियमित जांच और फिटनेस सत्यापन अनिवार्य किया गया।

  3. शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त चालान अभियान चलेगा।

जागरण संवाददाता, अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विभिन्न विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई।

डीएम संजय चौहान ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर हाईवे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जे दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर अभियान चलाया जाए। जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में हाईवे किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अभियान चलाकर कब्जे हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और सड़क सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके कार्यों का अधिकारियों से भौतिक सत्यापन कराने को भी कहा।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सभी स्कूल बसों और वाहनों की नियमित जांच के साथ फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने को कहा। 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा

ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी संकेत दुरुस्त कराने को कहा गया। डीएम ने टोल प्लाजा पर क्रेन, एंबुलेंस, कांटा और गैस कटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भी भागीदारी जरूरी है। चालान की कार्रवाई के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

बैठक में एसपी सरवणन टी., सीडीओ पूजा साहू, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता, डीआइओएस डा. राजेश द्विवेदी, बीएसए संजय तिवारी मौजूद रहे।