अमेठी : स्मृति ईरानी के सहयोगी सुरेंद्र की हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार-एक फरार
हत्या के मामले में नामजद तीन आरोपितों को 27 मई को गिरफ्तार किया गया था।
अमेठी, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 में अमेठी से जीत दर्ज करने वाली स्मृति ईरानी के करीबी व पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की हत्या के मामले में बुधवार को पुलिस ने एक और नामजद आरोपित गोलू सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अभी एक आरोपित की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के पीआरओ संतोष सिंह ने अभी अाधिकारीक पुष्टि नहीं की है।
वहीं, दूसरी ओर दिवंगत नेता की अस्थि संगम में विर्सजित करने के लिए अस्थि क्लश के साथ सैकडों लोग प्रयागराज के लिए रवाना हो गये हैं। जिसमें स्मृति के प्रतिनिधि विजय गुप्ता के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी सहित कई भाजपा नेता व परिवार के लोग शामिल हैं। बता दें, हत्या के मामले में नामजद तीन आरोपितों को 27 मई को गिरफ्तार किया गया था। जिसमें नसीम, धर्मराज व रामचंद्र शामिल थे।
पांच लोगों के खिलाफ हत्या व साजिश का मामला हुआ था दर्ज
बता दें, अमेठी में शनिवार (25 मई) देर रात स्मृति ईरानी के करीबी भाजपा नेता पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर गई थी। अगले दिन यानी रविवार (26 मई) की शाम दिवंगत पूर्व प्रधान के बड़े भाई नरेंद्र सिंह की तहरीर पर जामो पुलिस ने केस दर्ज किया था। जिसके तहत पुलिस ने वसीम, नसीम, गोलू सिंह, रामचंद्र बीडीसी, रामनाथ गुप्ता के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप