42 प्रतिशत लोगों को नहीं है यातायात नियम की जानकारी
कार्यक्रम समन्वयक सूर्य कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल में ज्यादा भर्ती होने वाले और उसमें से मरने वालों में मृत्यु की मुख्य वजह सड़क दुर्घटना पाई गई है।
अमेठी : सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से ओंकार सेवा संस्थान द्वारा जामो के राजकीय बालिका इंटर कालेज में मानव जीवन में सड़क सुरक्षा के नियमों की उपयोगिता विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम समन्वयक सूर्य कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल में ज्यादा भर्ती होने वाले और उसमें से मरने वालों में मृत्यु की मुख्य वजह सड़क दुर्घटना पाई गई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी आंकड़ों के आधार पर हम कह सकते है कि लगभग 42 प्रतिशत लोगों को सड़क पर चलने के नियमों की जानकारी नहीं होती है। ऐसे में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक होना होगा। बिना लाइसेंस के वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट, हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना जैसे विभिन्न नियमों की जानकारी के बाद ही हम सुरक्षित वाहन संचालन कर सकते है। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने के लिए देते है और दुर्घटना होती है तो ऐसी स्थिति में बच्चों के अभिभावक दंड के भागीदार होंगे। इसलिए सभी की जिम्मेदारी बनती है कि सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं। प्रधानाचार्य गीता श्रीवास्तव ने सड़क सुरक्षा के नियमों पर छात्रों को जानकारी दी। इस मौके पर सहायक अध्यापिका कामना सिंह, प्रवक्ता महेंद्र विक्रम सिंह, प्रतिभागी छात्रा अंजली, मधु, कोमल, सपना आदि मौजूद रही।