विवाहिता की मौत, पति व सास-ससुर पर मुकदमा
दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर दो बचों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत.मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप.
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर) : दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर दो बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति समेत तीन के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मामला राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया बुजुर्ग गांव का है। गांव निवासी सिकंदपुर गुप्त के पुत्र सुनील गुप्त की शादी भूपतिपुर कोड़रहा गांव के प्रवीण गुप्त की पुत्री अंतिमा के साथ अप्रैल 2016 में हुई थी। विवाहिता के पिता का आरोप है पति, सास, ससुर दहेज के लिए पुत्री अंतिमा को प्रताड़ित करते थे। इसके चलते उसकी मौत हो गई। गुरुवार को सुबह सुनील ने फोन करके कहा आकर अपनी पुत्री से मिल लो और फोन स्विच ऑफ कर दिया। विवाहिता का पिता पहुंचा को अंतिमा की मौत हो चुकी थी। पिता प्रवीण गुप्त ने पति सुनील गुप्त, ससुर सिकंदर गुप्त तथा सास लक्खी के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक रामलखन पटेल ने बताया तीनों आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।