तीन फीडर फेल, 50 हजार आबादी की बिजली गुल
अकबरपुर तहसील के बैरमपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र से संचालित तीन उपकेंद्र के फीडर बंद होने से बडे इलाके की बिजली गुल हो गई।
अंबेडकरनगर : अकबरपुर तहसील के बैरमपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र से संचालित तीन उपकेंद्र फेल हो गए। सुबह तीन बजे से आई खराबी को 12 घंटे बाद ठीक किया जा सका। इससे 50 हजार आबादी मुसीबत झेलती रही। पेयजल समेत दैनिक क्रिया के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ा।
अकबरपुर तहसील के बैरमपुर बरवा उपकेंद्र पर रविवार को विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। इसे ठीक कराने के लिए नागरिकों ने जब विभाग के अधिकारियों के सीयूजी पर कॉल लगाया तो उनका फोन नॉट रिचेबल जाता रहा। बामुश्किल एक्सईएन से बात हुई तो वह रविवार की छुट्टी का बहाना बना गए। कुछ लोग मुहल्ले के नागरिकों के साथ विद्युत वितरण खंड अकबरपुर पहुंच गए। भीड़ देख कर्मचारी हरकत में आए और तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी, तब कहीं मरम्मत शुरू हो सकी। करीब 12 घंटे बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस उपकेंद्र से पहितीपुर, शिवबाबा और मीरानपुर फीडरों में विद्युत आपूर्ति होती है। रविवार सुबह उपकेंद्र के 35 केवीए लाइन में तकनीकी खराबी आने से भोर में करीब तीन बजे आपूर्ति ठप हो गई।
दिनचर्या रही अस्त-व्यस्त: सुबह आंख खुली तो लाइट गुल थी। इसके बाद इंतजार का सिलसिला शुरू हुआ तो नौ बजे के बाद लाइट नहीं आने पर लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई। कामकाज के लिए निकलने वाले लोग पानी के लिए परेशान रहे। रसोईघर का इंतजाम गड़बड़ा गया तो नहाने और शौचालय के लिए भी पानी नहीं मिला। शहरी इलाके में कड़ाके की ठंड में टंकी के बर्फीले पानी से नहाकर लोग कांपते दिखे। मीरानपुर निवासी सविता तिवारी ने बताया कि सबसे ज्यादा पानी की किल्लत हुई। इसके लिए दूरदराज के हैंडपंप तक बाल्टी लेकर दौड़ लगानी पड़ी।
इनवर्टर बैठे, मोबाइल हुए डिस्चार्ज : 12 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से घरों के इनवर्टर बैठ गए। मीरानपुर निवासी राजेश वर्मा ने बताया कि सुबह तीन बजे से बिजली गुल होने और इनवर्टर बैठने से मोबाइल भी डिस्चार्ज होकर बंद हो गए।
बैरमपुर बरवां उपकेंद्र पर 35 केवीए में फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। फाल्ट को ठीक करवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
वीके पटेल, अधिशासी अभियता
अकबरपुर