देवर ने भाभी-भतीजी को चाकू मारा, घायल
अंबेडकरनगर : कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर देवर ने भाभी और भतीजी पर
अंबेडकरनगर : कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर देवर ने भाभी और भतीजी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मां बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मामला उक्त थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव का है। गांव निवासी दयाराम का पुत्र रविवार को घर में खेल रहा था। इस दौरान किसी गलती को लेकर उसके चाचा शौकीलाल ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान पुत्र को बचाने पहुंची मां मनीषा को देवर से विवाद हो गया। जिसके उपरांत देवर ने चाकू से भाभी पर हमला कर दिया। चाकू के प्रहार से वह गंभीर रुप से घायल हो गई। इस दौरान मां को बचाने के लिए पहुंची बेटी अंशिका पर भी चाचा ने प्रहार कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के उपरांत आरोपी भाग निकला। सूचना पर एंबुलेंस कर्मियों ने उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मनीषा को प्राथमिक उपचार के उपरांत ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मनीषा के पिता ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।