UP: स्कूली बच्चों ने जाना कैसे छपता है अखबार, खबरों पर आधारित प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
अंबेडकरनगर के तक्षशिला अकादमी रूट्स में छात्रों ने शैक्षिक प्रदर्शनी में आकर्षक मॉडल और विभिन्न गतिविधियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

स्कूल के छात्रों की समाचार पत्रों पर आधारित प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही
HighLights
छात्रों ने समाचार पत्रों का इतिहास मॉडल से समझाया।
तकनीकी उपकरणों की उपयोगिता को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
मसालों की आत्मकथा गतिविधि ने दर्शकों को आकर्षित किया।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। तक्षशिला अकादमी रूट्स, अकबरपुर में आयोजित शैक्षिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉडल, कविताओं व विभिन्न गतिविधियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यहां तकनीक, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रदर्शनी में क्लास 5 के विद्यार्थियों की समाचार पत्रों पर आधारित प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने समाचार-पत्रों के इतिहास, आधुनिक मशीनों से छपाई और पाठकों तक उसके पहुंचने की प्रक्रिया को माडलों से समझाया। वहीं, कक्षा चार के विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी उपकरणों और उनकी उपयोगिता को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सब्जियों, अनाज, मसालों, घरेलू एवं जंगली जानवरों और कीट-पतंगों से संबंधित माडल प्रदर्शित किए। मसालों की आत्मकथा पर आधारित गतिविधि ने दर्शकों का ध्यान खींचा। विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में कविताएं प्रस्तुत कर अपनी भाषाई प्रतिभा का भी परिचय दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य वर्षा नागवानी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभिभावकों का आभार जताया। कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। उनकी रचनात्मक सोच को विकसित करने में सहायक होते हैं।
