अधिवक्ता संघ के रामनरेश अध्यक्ष व राजेश महामंत्री निर्वाचित
-तहसील परिसर में गहमागहमी भरे माहौल में हुआ चुनाव -नवनिर्वाचित अध्यक्ष को दिलाई गई शपथ
अंबेडकरनगर : अधिवक्ता संघ टांडा के चुनाव में राम नरेश कनौजिया अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होकर तीसरी बार अध्यक्ष बने हैं। महामंत्री पद पर राजेश कुमार सिंह विजयी हुए हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष को शपथ भी दिलाई गई। गुरुवार को अध्यक्ष व महामंत्री पद के लिए मतदान के बाद मतगणना हुई। अध्यक्ष पद के लिए 101 सदस्यों ने मतदान किया। इसमें राम नरेश कनौजिया को 53 मत मिले। प्रतिद्वंदी जवाहर लाल यादव को 47 मत मिले। एक सदस्य ने किसी को मत नहीं दिया। महामंत्री पद के लिए राजेश कुमार सिंह को 57, रक्षाराम वर्मा को 30, राधेश्याम को 14 मत ही मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए विद्याराम चौहान, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर इंद्रसेन वर्मा, कोषाध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार मौर्य, संयुक्त मंत्री प्रशासन पद के लिए राम लगन, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर सुनील कुमार के एकल नामांकन होने के कारण निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव समिति के अध्यक्ष शेरबहादुर सिंह ने बताया 118 सदस्यों में 101 सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया। राम नरेश कनौजिया को अध्यक्ष पद की शपथ भी दिलाई गई।