वाहन चालकों को यातायात नियमों का सबक सिखाने निकले अफसर
तिराहों पर जागरूकता के साथ चलती रही कार्रवाई.परिवहन विभाग व पुलिस का चलता रहा अभियान.
अंबेडकरनगर : सड़क पर सुरक्षित यातायात की उम्मीदों को साकार करने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस महकमा सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाने में लगा है। सोमवार को इसका आगाज करते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी केएन सिंह के नेतृत्व में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी बाइक व कार जागरूकता अभियान का कारवां लेकर शहर के प्रमुख स्थानों पहुंचे। बैनर और पोस्टर के जरिए शहजादपुर आदि इलाकों में चालकों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया। मनमानी करने वालों से नियम पालन करने की गुजारिश की। इसके बाद एआरटीओ ने प्रदूषण जांच केंद्रों की जांच की। सीओ सिटी धर्मेंद्र सचान के नेतृत्व में यातायात निरीक्षक सुधांशु वर्मा व पुलिस कर्मियों ने तहसील तिराहे पर चेकिग अभियान चलाया। मनमानी करने वालों का चालान काटा गया। खास बात रही खराब मौसम के बीच जागरूकता अभियान मंद और यातायात नियम तोड़ने की मनमानी तेज रही। यातायात नियम उल्लंघन करने वालों की संख्या इतनी अधिक दिखती है, कि कार्रवाई करना ही कठिन नजर आता है।