हड़ताल से सफाई व पेयजल आपूर्ति ठप
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के कर्मचारियों ने भाजपा की महिला कार्यकर्ता के विरुद्ध लामबंद हैं।
अंबेडकरनगर : नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के कर्मचारियों ने भाजपा की महिला कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
भाजपा महिला कार्यकर्ता ने बुधवार को नगर पंचायत में आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारी आसिफ की पिटाई कर दी थी। कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी से कार्रवाई की मांग की थी। अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बसखारी थाने में प्रार्थना पत्र देकर महिला नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे गया। कर्मचारियों ने नगर पंचायत की सफाई, प्रकाश व्यवस्था के साथ पानी सप्लाई को बंद कर दिया। इससे नगर पंचायत रात में अंधेरे में डूबा रहा। वहीं प्रत्येक उर्दू माह के नौचंदी के दिन सूफी संत सैयद मखदूम अशरफ की दरगाह पर लगने वाले मेले की व्यवस्था सफाई न होने के कारण चरमरा गई। इससे यहां आए जायरीन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि जब तक कानूनी कार्रवाई भाजपा कार्यकर्ता पर नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।