पिटाई कर विवाहिता को घर से निकाला, मुकदमा
शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज लाने का दबाव बनाने लगे।
अंबेडकरनगर : दहेज में बुलेट, नकदी तथा आभूषण नहीं मिलने से नाराज ससुरालीजनों ने विवाहिता की बुरी तरह से पिटाई की। पुलिस ने पति समेत छह ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज किया है। मामला अहिरौली थाना क्षेत्र के गांव मौरापारा का है।
गांव निवासी रामयज्ञ वर्मा की पुत्री रेनू की शादी गत वर्ष 25 अप्रैल को अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के ताहिरपुर बरौली निवासी सुरेश वर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मायका पक्ष ने असमर्थता जाहिर की। इस पर आरोपित विवाहिता की पिटाई करने लगे। इस दौरान मायका पक्ष ने तीन बार आरोपितों के घर पहुंचकर सुलह-समझौते का प्रयास किया। आरोप है कि शनिवार को ससुरालीजनों ने विवाहिता की बुरी तरह से पिटाई कर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने मायके पहुंचकर परिवारीजनों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने पति सुरेश, ससुर शिवमूर्ति, सास ज्ञाना देवी, ननंद ज्योति, देवर विकास तथा विवेक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।