जेई के कार्यालय में ताला, आराम फरमाते मिले एसएसओ
अंबेडकरनगर: बिजली उपकेंद्र पर अव्यवस्था के चलते उपभोक्ता परेशान हैं। अवर अभियंता कार्यालय से गायब रहते हैं। उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं तो घंटों इंतजार के बाद मायूसी हाथ लगती है। कार्यालय के सामने साफ लिखा गया है कि मिलने का समय 10 से 12 है। इसके बावजूद भी इस समय अधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते।
बुधवार को सुबह 11 बजे अवर अभियंता कार्यालय में ताला लटका रहा। एसएसओ मिठाईलाल कुर्सी पर आराम फरमा कर मोबाइल चलाते मिले। कंप्यूटर आपरेटर परितोष कुमार उपभोक्ता का बिल चेक कर रहे थे। मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि अवर अभियंता कभी-कभी आते हैं। कर्मचारी और लाइनमैन किशनपुर गांव में बिजली कैंप लगाए हैं। अंदर जर्जर मशीनरी से आपूर्ति की जा रही थी। परिसर में लगे हैंडपंप के चारों तरफ गंदगी फैली है। जैमलपुर गांव के गौरव सिंह ने बताया कि नलकूप पर ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए दो दिन से साहब से मिलने के लिए आता हूं, लेकिन कार्यालय में ताला लटका रहता है। मौजूदा कर्मचारी आश्वासन देकर वापस कर देते हैं। अवर अभियंता प्रवेश कुमार के मोबाइल नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। अधिशासी अभियंता वीके मिश्र ने बताया कि निर्धारित समय पर बिजली उपकेंद्र में कर्मचारी की उपस्थिति अनिवार्य है। इसमें लापरवाही की जा रही है तो कड़ी से कार्रवाई की जाएगी।
तार टूटने से 15 हजार घरों में रहा अंधेरा : चक्रसेनपुर गांव के निकट मुख्य सप्लाई का तार टूटने से महरुआ उपकेंद्र के 40 गांव की आपूर्ति ठप गई है। इससे 15 हजार उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा छाया रहा। खेत की सिंचाई कर रहे किसानों को परेशानी हुई। समस्या पर अधिकारियों ने फोन बंद कर लिया। इसको लेकर उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। उपभोक्ताओं के दबाव के बाद रात करीब 12 बजे तार जोड़कर आपूर्ति बहाल हुई। उपभोक्ता मलखान सिंह, लाल बहादुर पाल, संदीप उपाध्याय, जय बहादुर सिंह, सीताराम सिंह, संतोष कुमार ने बताया कि विभाग की लापरवाही के चलते प्रतिदिन तार टूटने की समस्या आती है। अवर अभियंता प्रवेश निषाद ने बताया कि टूटे तार को जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।