विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में आबादी के बीच अंडे की दुकान पर बेचे जा रहे थे पटाखे, साढ़े चार क्विंटल बरामद

Published: Thu, 29 Oct 2026 01:23 PM (IST)

Ambedkarnagar News: पुलिस ने बुधवार रात को बरियावन बाजार में एक अंडे की दुकान में पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखने की सूचना पर छापा मारा।

HighLights

  1. पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गिरफ्तार

  2. बाजारों में चोरी-छिपे पटाखों की खरीद-फरोख्त की सूचना पर कार्रवाई

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर : घनी आबादी के बीच अंडे की दुकान पर पटाखा और अन्य विस्फोटक बेचने की सूचना पर छापेमारी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। बरियावन बाजार में साढ़े चार क्विंटल पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद करने के साथ पुलिस ने बिना लाइसेंस के पटाखा का कारोबार करने वाले दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

दीपावली पर कीमतें बढ़ने की संभावना के बीच अस्थाई दुकानदार अपने साथ ही अन्य लोगों का जीवन खतरे में डाल रहे है। पहले से ही पटाखे खरीदकर घरों, दुकानों और गोदामों में जमा कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को बाजारों में चोरी-छिपे पटाखों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने बुधवार रात को बरियावन बाजार में एक अंडे की दुकान में पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखने की सूचना पर छापा मारा। छापा के दौरान दुकान से भारी मात्रा में पटाखे के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर वजन कराया गया, जो करीब साढ़े चार क्विंटल निकला। बताया गया कि दुकानदार सूरज ताड़माली के पिता उमेश कुमार बाहर अंडे की दुकान लगाते थे। उपनिरीक्षक चंद्रकांत सिंह की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि पटाखों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।