आफत में किसान, सबको झेलना होगा परिणाम
गेहूं के बाद धान और गन्ने की फसल को काफी क्षति हुई। सब्जियों की फसल लगाने में देरी से महंगाई बढ़ने लगी।
अरविद सिंह, अंबेडकरनगर
लौटते मानसून में इन दिनों झमाझम बारिश और आंधी से भले ही अन्नदाता मुसीबत में फंसा दिखता है लेकिन, इसका दूरगामी परिणाम सबको झेलना होगा। इसके संकेत भी बढ़ती महंगाई से मिलने लगे हैं। फिलहाल सब्जियों के दाम ही उछले हैं।
सब्जी विक्रेता संदीप ने बताया कि बारिश से सब्जी की फसल नष्ट हो गई है। किसान से ही सब्जी महंगी मिल रही है। बरसात के कारण सब्जी समेत तिलहन की भी बुवाई पिछड़ रही है। वहीं, गेहूं फसल को पहले ही बारिश नुकसान पहुंच चुकी है। जिले में अगेती धान की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
---
फायदा छोड़िए, पानी में डूब रही पूंजी : लगातार हो रही बरसात के कारण फसल से मुनाफा छोड़िए, किसानों की पूंजी ही डूबने लगी है। इस मानसून में समय-समय पर जरूरत के अनुसार पानी मिलने से किसानों को आर्थिक लाभ मिला तो फसल भी कम लागत में लहलहाने लगी। सब कुछ ठीकठाक चल रहा था, तभी लौटते मानसून ने किसानों पर कहर बरपाना शुरू कर दिया। जनपद में हजारों एकड़ धान के अलावा गन्ना फसल को नुकसान हुआ है। बहरहाल, प्रशासन नुकसान का ब्योरा जुटा रहा है।
---
सड़ती बालियां देखकर बैठ रहा कलेजा : धान में बालियां निकल रही थीं, अचानक हुई बरसात से फसल गिरकर सड़ने के कगार पर है। बालियों से अंकुर निकलने लगा है। नकदी फसल में गन्ना भी गिर गया है। कुलहियापट्टी, आजनपारा, रुकुनपुर, भदोई, सल्लाहपुर, खालिसपुर भटौली, ज्योतिपुर व जगतुपुर आदि गांवों में फसल नष्ट हुई है। किसान रजनीश तिवारी, सीताराम यादव, कृष्ण कुमार यादव, बच्चा राम उपाध्याय, मेवालाल ने कहा कि सरकार ने आर्थिक मदद नहीं मिली तो कमर ही टूट जाएगी।
---
सब्जियों के दाम प्रति किलो रुपये में पहले/अब-
- सूरन : 20/40
- बैगन : 05/50
- तोरी : 05/40
- परवल : 20/70
- भिडी : 10/50
- करेला : 10/70
- कद्दू : 05/40
- लौकी : 05/40
- आलू : 20/35
- प्याज : 07/50
- टमाटर : 30/50
- सरपुतिया : 20/80
- बोड़ा : 20/100
- मूली : 15/40
- गाजर : 15/50
- चुकंदर : 15/50
--------
फसल के नुकसान का सर्वेक्षण 29 सितंबर से शुरू कराया जाएगा। किसान की फसल 33 फीसद से ज्यादा नष्ट हुई है, तो उसे लाभ दिया जाएगा। बाढ़ आपदा के साथ फसल क्षतिपूर्ति के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
- डॉ. पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी