धूप ने दी राहत, दिन ढलते ही बढ़ी ठंड
अंबेडकरनगर : एक दिन पूर्व बुधवार को जोरदार बारिश व बर्फीली हवाओं के बीच बढ़ी सर्दी गुरु
अंबेडकरनगर : एक दिन पूर्व बुधवार को जोरदार बारिश व बर्फीली हवाओं के बीच बढ़ी सर्दी गुरुवार को बदले मौसम के मिजाज से कम हो गई। सुबह से ही धूप हुई तो कार्यालय से निकलकर अधिकारी बाहर ही दरबार सजाए रहे। यहीं पर विभागीय कार्य निस्तारित किया तो आमजनों की फरियाद भी सुनी। कलेक्ट्रेट में यह नजारा कई कार्यालयों का दिखा।गुरुवार को तापमान न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके बाद भी मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश होने का अनुमान लगाया है। बता दें कि पिछले कई दिनों से मौसम में अचानक परिवर्तन हो रहा है। एक दिन ही बरसात के बीच ओले पड़े थे। सर्द हवाओं से ठंड भी खूब हो रही थी, लेकिन गुरुवार को यह नजारा बदल गया। सुबह से हुई धूप से ठंड से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह चटख धूप के बीच हुई तो तापमान में सुधार हुआ। हालांकि कभी-कभी आकाश में काले बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी भी हुई, लेकिन धूप तेज होने से ठंड गायब रही। दिन ढलने के बाद जैसे ही अंधेरा हुआ और सर्द हवाएं चलनी शुरू हुई ठंड बढ़ गई। कई स्थानों पर लोग अलाव के सहारे बैठे दिखे। प्रशासन की ओर से अभी भी अलाव जलवाने के साथ कंबल आदि का वितरण किया जा रहा है।