शिवालयों में भक्तों की भीड़, बोल बम के जयकारे
अंबेडकरनगर : सावन माह में भक्ति का रस शिवभक्तों सिर चढ़कर बोलने लगा है। गाजेबाजे के साथ
अंबेडकरनगर : सावन माह में भक्ति का रस शिवभक्तों सिर चढ़कर बोलने लगा है। गाजेबाजे के साथ कांवड़ियों के आवागमन का सिलसिला तेज हो गया है। शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का हुजूम उमड़ने लगा है। शनिवार को शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ लगी रही। धार्मिक स्थल शिवबाबा समेत अन्य शिवालयों में कावड़ियों ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। शिवालयों पर सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम रहे। सावन माह के आठवें दिन शनिवार सूर्य देवता सुबह से ही लोंगों को दर्शन देते दिखे। ऐसे में मौसम में गर्मी महसूस की गई, वहीं दोपहर में मौसम ने करवट बदली तो रिमझिम बारिश से माहौल सर्द हो गया। लेकिन कावड़ियों की भक्ति पर कोई असर नहीं दिखाई पड़ा। सुबह से कावड़ियों का आवागमन का शुरू हो गया जो देर शाम तक अनवरत जारी रहा। फैजाबाद की ओर से गाजे-बाजे के साथ धार्मिक स्थल शिवबाबा पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव की प्रतिमा पर जलाभिषेक कर पूजन अर्चन कर आशीर्वाद मांगा। अयोध्या से कांवर लेकर पैदल पहुंचे अधिकांश कांवड़ियों ने भी इस धार्मिक स्थल पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। कई कावड़िये माथा टेक आगे बढ़ गए। उन्होंने टांडा एवं जलालपुर स्थित शिवालायों में जलाभिषेक किया। वाराणसी से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने मालीपुर स्थित झारखंडी मंदिर में जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं नगर के शिवालाघाट स्थित शिव मंदिर, त्रयंबकेश्वर महादेव मंदिर गांधीनगर, शिव मंदिर गायत्री शक्तिपीठ समेत अन्य मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा लोगों ने घरों में भगवान भोले नाथ का पूजन अर्चन कर आराधना की। शनिवार को जलालपुर की ओर से बसों एवं चार पहिया वाहनों से सैकड़ों की संख्या में कावड़ियों का जत्था अयोध्या रवाना हुआ जो सोमवार को वापस लौट कर धार्मिक स्थल शिवबाबा एवं अन्य शिवालयों पर जलाभिषेक करेगा। सावन माह के आगाज के बाद से ही पूरा जिला भगवान भालेनाथ की भक्ति रस में सराबोर होता जा रहा है। भगवान भोलेनाथ के भक्तिगीतों से वातावरण गुंजायमान हो गया है। हर तरफ हर हर महादेव एवं बोलबम के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सक्रिय
सावन माह का एक-एक दिन प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण है। शनिवार को धार्मिक स्थल शिवबाबा समेत अन्य शिवालयों एवं मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रही। शनिवार को प्रशासन खासा मुस्तैद रहा। अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ¨सह ने सुबह धार्मिक स्थल शिवबाबा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वह वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से स्थिति के बाबत जानकारी प्राप्त कर सक्रिय रहने का निर्देश दिया। इसके उपरांत उन्होंने मंदिरों एवं शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।