सीएम करेंगे साढ़े छह अरब की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
सीएम योगी आदित्यनाथ का आगमन आगामी शनिवार को प्रस्तावित होने से आयोजन की तैयारी हो रही है।
अंबेडकरनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन आगामी शनिवार को प्रस्तावित होने से आयोजन की तैयारियां तेज हैं। कलेक्ट्रेट के बगल हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर उतरेगा। मुख्यमंत्री यहां साढ़े छह अरब से अधिक की जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। यहां कोरोना गाइडलाइन के तहत शरीरिक दूरी का पालन कराते हुए दस हजार से अधिक लोगों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए 100 गुणा 400 वर्गफीट का विशालकाय टेंट लगाया जा रहा है। विभाग तैयारी में जुट गए हैं। कमिश्नर एमपी अग्रवाल, आइजी डा. संजीव गुप्त, डीएम सैमुअल पॉल और एसपी आलोक प्रियदर्शी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
पिछले माह मुख्यमंत्री के आगमन में बारिश अड़चन बन गई थी। शुरुआत में हुई बारिश के बाद अधिकारियों ने कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजन का स्थान चिन्हित किया। हालांकि बाद में बारिश तेज होने एवं बाढ़ से बढ़ी दुश्वारियों को देखने के बाद सीएम का आगमन स्थगित हो गया था। अब हालात सामान्य होने के बाद फिर मुख्यमंत्री का आगमन आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित हुआ है। हालांकि अभीतक आधिकारिक सूचना एवं प्रोटोकाल नहीं आया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संकर्षण लाल ने बताया कि तैयारी में सहायक अभियंताओं व अवर अभियंताओं समेत कर्मियों को लगाया गया है। पूरा पंडाल वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है। अकबरपुर एसडीएम मोइनुल इस्लाम व सीओ अशोक सिंह ने कोतवाल अमित प्रताप सिंह के साथ हवाई पट्टी पहुंचकर हेलीपैड, मुख्यमंत्री के मंच, बैरिकेडिग, जनता आदि के बैठने के स्थान समेत सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारी चल रही है। अभी प्रोटोकाल नहीं आया है।
सरकारी कार्यालयों में हलचल तेज : जिलाधिकारी सैमुअल पॉल, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी घनश्याम मीणा समेत सभी विभागों के अधिकारी तैयारियों में जुट हैं। कार्यालयों में हलचल तेज दिखी। मुख्यमंत्री यहां जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को लाभावान्वित करेंगे। जिला अस्पताल में खास तैयारी है।