हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, जलाभिषेक को उमड़े श्रद्धालु
देवाधिदेव भगवान शंकर के जलाभिषेक के लिए सावन माह के दूसरे सेामवार को शिव मंदिरों पर पूजन करने वालों का तांता लगा रहा।
अंबेडकरनगर: देवाधिदेव भगवान शंकर के जलाभिषेक के लिए सावन माह के दूसरे सेामवार को शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवालयों में भोर से ही बेलपत्र, धतूरा, भांग, मिष्ठान आदि सामग्री के साथ श्रद्धालु पूजन करते नजर आए। रुद्राभिषेक कराने वालों की भी मंदिरों में लाइन लगी रही। मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।
प्रसिद्ध मंदिर शिवबाबा में श्रद्धालुओं की आस्था हिलोरें लेती दिखी। भोर से ही यहां भक्तों का रेला उमड़ा। कई एकड़ में फैले परिसर में तिल रखने तक की जगह नहीं थी। एक साथ हजारों की भीड़ संभालने के लिए वहां पर कोई सिपाही भी नजर नहीं आया, इससे व्यवस्था प्रभावित रही। इतना ही नहीं मंदिरों पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया था, यह भी कहीं बना नहीं मिला। लोग कोरोना के खतरों को भूलते दिखे। श्रद्धालु जलाभिषेक कर किसी तरह बाहर निकलते जाते, उससे ज्यादा का रेला फिर आ जाता। यह सिलसिला दिनभर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर सुख-शांति का आशीर्वाद मांगा। कलेक्ट्रेट के निकट शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। चांदपुर भटपुरा स्थित शिव मंदिर पर भी सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने जलाभिषेक किए।
मंदिरों पर नहीं दिखी सुरक्षा व्यवस्था : शिवबाबा में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को काफी भीड़ उमड़ती है, लेकिन व्यवस्था को सु²ढ़ बनाने के लिए पुलिस की तैनाती नहीं की गई है। इससे अव्यवस्था के साथ सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगा रहता है। संक्रमण के खतरों से बचने में भी लापरवाही बरती जा रही है।
एएसपी ने किया निरीक्षण :
मालीपुर : सावन के दूसरे सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने झारखंड धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन कराने का निर्देश थानाध्यक्ष विवेक वर्मा को दिया। एएसपी ने बाबा झारखंड महादेव के समक्ष मत्था टेक आशीर्वाद लिया। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा शिवालयों की लगातार निगरानी की जा रही है।