हठधर्मिता पर उतरे एंबुलेंस कर्मी, सौंपीं चाभी
एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन गुरुवार को भी जारी रही।
अंबेडकरनगर: एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन गुरुवार को भी जारी रही। चलने-फिरने में असमर्थ मरीज इससे खासे परेशान रहे। सीएमओ इस समस्या से निपटने के बजाय दिन भर नए स्टाफ की तलाश में जुटे रहे। स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित होने वाली एंबुलेंसों के चालक भी चाभी सौंपकर हड़ताल पर रहे। जिला चिकित्सालय के एंबुलेंस कर्मियों को समझाने पर सभी काम पर लौटे।
एंबुलेंस कर्मी बकाया मानदेय दिलाने और ठेका प्रथा खत्म करने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। गुरुवार को भी अधिकांश एबुलेंस कर्मचारी कामकाज से दूर रहे। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा लगातार आंदोलित कर्मियों को हटाकर नए लोगों को रखने के लिए कसरत रहे। नौ एंबुलेंस संचालित कराने में दोपहर बाद सफल भी हुए। एंबुलेंस संचालन समिति के जिला समन्वयक विनोद मिश्र ने बताया कि सभी एंबुलेंस कर्मियों को समझा दिया गया है। अधिकांश कर्मी काम पर लौट आए हैं। वहीं, भियांव, आलापुर, बसखारी तथा कटेहरी सीएचसी पर संचालित एंबुलेंस के कर्मियों ने गाड़ी की चाभी सौंप दी। एंबुलेंस संचालन का कार्य देख रहे डा. आशुतोष सिंह ने बताया कि जो कर्मी हड़ताल पर हैं, उनके स्थान पर नए लोगों से कार्य लिया जाएगा। हड़ताल से सबसे अधिक सीएचसी और पीएचसी प्रभावित रही। हालात यह रहा कि घायल भी चिकित्सालय तक नहीं पहुंच सके। पहितीपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि भिखारीपुर बाइपास पर एक्सीडेंट हो गया था। एंबुलेंस को कई बार फोन किया, लेकिन कोई भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। जिला चिकित्सालय में इसी तरह कई महिलाओं ने भी एंबुलेंस की समस्या बताई। सीएमओ श्रीकांत शर्मा ने बताया कि सभी चालकों से चाभी ले ली गई है। अब नए कर्मियों से कार्य लिया जाएगा।