Ambedkarnagar News: शोभायात्रा रोक की नारेबाजी, मान-मनौव्वल के बाद शुरू हुआ विसर्जन
महासमिति के पदाधिकारियों का आरोप रहा कि चिंतौरा की प्रतिमा निर्धारित समय से काफी देर से पहुंची। चिंतौरा समिति के पदाधिकारियों का आरोप रहा कि बाल दुर्गापूजा समिति को क्षेत्र में पहली दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने का श्रेय हासिल है।
अंबेडकरनगर, जागरण संवाददाता। टांडा नगर सहित ग्रामीणांचल से निकली शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए सायं साढ़े पांच बजे टांडा नगर चौक पहुंचा। शोभायात्रा में शामिल पहली दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने का श्रेय हासिल कर चुकी बाल दुर्गा पूजा समिति चिंतौरा के पदाधिकारियों से केंद्रीय दुर्गापूजा महासमिति के पदाधिकारियों में कहासुनी हो गई।
महासमिति के पदाधिकारियों का आरोप रहा कि चिंतौरा की प्रतिमा निर्धारित समय से काफी देर से पहुंची। चिंतौरा समिति के पदाधिकारियों का आरोप रहा कि बाल दुर्गापूजा समिति को क्षेत्र में पहली दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने का श्रेय हासिल है। सालों से इसी समिति की दुर्गा प्रतिमा शोभायात्रा में सबसे आगे चलती है। महासमिति के पदाधिकारियों ने चिंतौरा की प्रतिमा चौक पहुंचने से पहले कुछ अन्य प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए राजघाट के लिए रवाना कर दिया और महाआरती भी कराना उचित नहीं समझा।
माफी मांगने की जिद पर अड़े कार्यकर्ता
इससे नाराज समिति के लोगों ने प्रतिमा को चौक में रोककर महासमिति के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। महासमिति मुर्दाबाद व महासमिति के अध्यक्ष विशाल मांझी माफी मांगों के नारे लगाए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और समिति के लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। महासमिति के अध्यक्ष द्वारा माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे।
काफी देर तक समझाने के बाद आगे बढ़ी प्रतिमा
काफी देर समझाने-बुझाने के बाद चिंतौरा की प्रतिमा आगे बढ़ी। छज्जापुर उत्तरी मुहल्ले में स्थित राजघाट पर मां दुर्गा की विधि-विधान से समितियों के कार्यकर्ताओं ने आरती उतारी। इसके पश्चात जय माता दी के जयकारों के उदघोष के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ।
सुरक्षा के लिए तैनात रहे पीएसी के जवान
इसके अलावा आसोपुर, ब्राहिमपुर, अरखापुर, काश्मिरियां, ईनामीपुर सहित कई स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस एवं पीएसी के जवान तैनात रहे।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी डा. अशोक कुमार कनौजिया एवं अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने टांडा में कैंप किया। छज्जापुर झारखंडी पर राधारमण सेवा समिति द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।