विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में 4.93 करोड़ से बनेगा बिजली उपकेंद्र, 10 गांवों के लोगों को मिलेगी निर्बाध आपूर्ति

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:44 PM (IST)

अंबेडकरनगर के शहजादपुर में 4.93 करोड़ रुपये की लागत से नया बिजली उपकेंद्र बनेगा, जिससे लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी।

गौहन्ना में चार करोड़ 93 लाख से बनेगा बिजली उपकेंद्र।

गौहन्ना में चार करोड़ 93 लाख से बनेगा बिजली उपकेंद्र।

HighLights

  1. शहजादपुर में 4.93 करोड़ रुपये से नया बिजली उपकेंद्र स्थापित होगा।

  2. लो-वोल्टेज, बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या से मिलेगी निजात।

  3. 60 हजार आबादी को मई तक मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति।

उपेंद्र मौर्य, अंबेडकरनगर। शहजादपुर कस्बे और 10 गांवों के लोगों को लो-वोल्टेज, बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। यहां चार करोड़ 93 लाख रुपये से गौहन्ना बाईपास के पास नया बिजली उपकेंद्र स्थापित होगा। इसके लिए निगम ने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। निर्माण का जिम्मा अयोध्या की वर्कशाप को सौंपा गया है।

उपकेंद्र स्थापना से शहजादपुर बाजार, कृष्णानगर, इंद्रलोक कालोनी, रतनपुर, भिखारीपुर आदि में करीब 60 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। नए उपकेंद्र से पांच हजार उपभोक्ता जुड़ेंगे। तीन फीडर की स्थापना की जाएगी। यहां पांच एमवीए के दो बड़े ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।

नए उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में नई लाइन बिछाने के साथ खंभे तथा ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे, जिससे 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन के साथ 440 वोल्ट की लाइन खींची जाएगी। एक करोड़ 15 लाख उपकेंद्र भवन निर्माण, चहारदीवारी तथा आवास पर खर्च होगा।

अतिरिक्त बजट बिजली के तार, ट्रांसफार्मर, खंभे पर खर्च होगा। आम नागरिकों के साथ दुकानदारों, शोरूम संचालकों, राइस मिलरों तथा कारखानाें को भी बेहतर बिजली मिलने से कारोबार को भी पंख लगेंगे।

अयोध्या मंडल के सिविल अवर अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि भूमि चिह्नित है। तहसील द्वारा सिविल विभाग को हस्तगत कर दी गई है। बारिश रुकने के बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह से निर्माण शुरू होगा।

बेहतर होगी बिजली आपूर्ति

शहजादपुर के विक्की सोनी, उमेश कसौधन, सरबजीत पाल, जसवंत यादव, कृष्णानगर के सभासद आदित्य राजभर, अमित दुबे, राकेश कनौजिया, रिंकू शुक्ल ने बताया कि उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

मरैला विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि नहीं हुई है, जिसकी वजह से गर्मी में बिजली कटौती से परेशानी झेलना पड़ती है। ऐसे में नए उपकेंद्र की स्थापना होने से बेहतर आपूर्ति मिलेगी और लो-वोल्टेज से भी छुटकारा मिलेगा। पिछले एक सप्ताह से शहजादपुर में लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। अब समस्या दूर होगी।

चार करोड़ 93 लाख रुपये से गौहन्ना में उपकेंद्र निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। मई तक उपकेंद्र बनकर तैयार हो जाएगा। लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त हो जाएगी। -रजनीश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता।