विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में खोदाई मशीन लेकर पहुंचे असलहाधारी, रात में जेसीबी से ढहा दिए 17 मकान और दुकान

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:57 PM (IST)

अंबेडकरनगर में सोमवार रात करीब 11 बजे 40-50 असलहाधारी लोगों ने बंजर भूमि पर बने 17 मकानों और दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

असलहाधारियों ने जेसीबी से ढहाए 17 मकान-दुकान।

असलहाधारियों ने जेसीबी से ढहाए 17 मकान-दुकान।

HighLights

  1. सोमवार रात अंबेडकरनगर में 17 मकान-दुकान ध्वस्त किए गए।

  2. 40-50 असलहाधारी लोगों ने जेसीबी से कार्रवाई को अंजाम दिया।

  3. पुलिस और राजस्व टीम मामले की गहन जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। जिले में सोमवार रात करीब 11 बजे तीन खोदाई मशीन लेकर पहुंचे लोगों ने बंजर भूमि पर बने मकानों और दुकानों को ध्वस्त करा दिया। करीब 40 से 50 की संख्या में असलहाधारी पहुंचे थे।

सड़क के दोनों ओर खड़े होकर रास्ता रोक लिया और आसपास मौजूद लोगों को धमकाकर वहां से हटा दिया। इसके बाद एक-एक कर मकानों को ढहा दिया गया। इस कार्रवाई से लोगों में दहशत है। मामला कोतवाली अकबरपुर के बरियावन-किछौछा मार्ग का है।

आरोप है कि परिवार के साथ रह रहे लोगों को भी मकान खाली करने की धमकी दी गई। बताया गया कि जिन दुकानों में कोई निवास नहीं कर रहा था, उन्हें भी गिरा दिया गया। एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर, कड़ाही और अन्य सामान भी उठा ले जाने का आरोप लगाया गया है। देर रात हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों घटना की, पुलिस को समय रहते भनक नहीं लगी। सुबह एसडीएम प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी नितीश तिवारी, कोतवाल संतोष कुमार सिंह राजस्व व पुलिस टीम के साथ पहुंचकर जांच कर रहे है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच राजस्व व पुलिस टीम कर रही है। जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों और मकानों को ध्वस्त किए जाने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इनका ध्वस्त किया गया मकान

डॉ. चंद्रदेव, जयराम, कमलेश, राजेश, विपिन, रवींद्र, सुरेंद्र कुमार, राकेश, नरेंद्रनाथ, राजू, संदीप कुमार रंजन, रामकीरत, शोभाराम और अनिल कुमार धरिकर समेत करीब 17 लोगों के आवास व दुकान ध्वस्त किए गए। सोनू सोनी को असलहा दिखाकर मकान खाली करने की धमकी दी गई। अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान में रखा सिलेंडर, कड़ाही और अन्य सामान भी आरोपित उठा ले गए।